ग्वालियर: शहर में सुबह घना कोहरा, दृश्यता 100 मीटर

ग्वालियर, 02 फरवरी (हि.स.)। जनवरी का लगभग पूरा महीना शीतलहर और कोहरे के साथ बीता। लेकिन कोहरा फरवरी में भी पीछा नहीं छोड़ रहा है। हालांकि शीतलहर से राहत है। फरवरी के पहले दिन सुबह बादलों के साथ कोहरा भी था। पर सुबह साढ़े आठ बजे के आसपास ही धूप निकल आई थी लेकिन दूसरे दिन सुबह से दोपहर तक घना कोहरा छाया रहा। मौसम के जानकारों की मानें तो मध्यम से घना कोहरा तीन से चार दिन और रहेगा। इस दौरान ग्वालियर-चंबल संभाग में कहीं-कहीं बारिश भी हो सकती है।

ग्वालियर सहित भिण्ड, मुरैना, दतिया, श्योपुर, शिवपुरी में शुक्रवार को सुबह मध्यम से घना कोहरा छाया रहा। इस दौरान ग्वालियर में दृश्यता 100 और दतिया में 50 मीटर रही। दोपहर एक बजे के आसपास मौसम शुष्क हो गया और धूप निकल आई। मौसम में आए इस परिवर्तन के चलते पिछले दिन की अपेक्षा आज अधिकतम तापमान 3.0 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 22.6 डिग्री सेल्सियस पर आ गया जो औसत से 2.0 डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान भी 0.5 डिग्री सेल्सियस आंशिक गिरावट के साथ 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 4.9 डिग्री सेल्सियस अधिक है। आज सुबह हवा में नमी 98 और शाम को 66 प्रतिशत दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ हिमालय से गुजर रहा है। दूसरा पश्चिमी विक्षोभ तीन फरवरी शनिवार को आएगा। राजस्थान में चक्रवात बना हुआ है। उत्तर-भारत के वायु मंडल में जेट स्ट्रीम (पश्चिम से पूर्व की ओर हवाओं का प्रवाह) बना हुआ है। इससे हवा में नमी की मौजूदगी के चलते तीन से चार दिन तक सुबह मध्यम से घना कोहरा रहेगा। साथ ही बादलों का आवागमन भी जारी रहेगा। इस दौरान चार या पांच फरवरी को ग्वालियर-चंबल संभाग में कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी भी हो सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार/शरद

   

सम्बंधित खबर