केन्द्रीय मंत्री सिंधिया आज जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता का करेंगे उद्घाटन

- 6 फरवरी तक होंगी प्रतियोगिताएँ, 1600 से अधिक खिलाड़ियों ने कराया पंजीयन

ग्वालियर, 3 फरवरी (हि.स.)। जिला स्तरीय सांसद (राज्यसभा) खेल प्रतियोगिता का फूलबाग मैदान पर आज (शनिवार को) भव्य शुभारंभ होगा। केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया दोपहर लगभग 12 बजे इस प्रतियोगिता का उद्घाटन करेंगे। इससे पहले प्रात: 11 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। यह जानकारी जनसम्पर्क अधिकारी हितेन्द्र सिंह भदौरिया ने दी।

उन्होंने बताया कि यह प्रतियोगिताएं 3 से 6 फरवरी तक आयोजित होंगीं। छ: फरवरी को पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित होगा। प्रतियोगिता में विभिन्न आठ खेल विधाओं में भाग लेने के लिये अब तक 1660 खिलाड़ियों के नामांकन हो चुके हैं। प्रतियोगिता में 16 से 25 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

ग्वालियर का नाम रोशन कर रहे राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को जिला स्तरीय सांसद प्रतियोगिता में सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता में जिले के सभी छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के खिलाड़ी भाग लेंगे। खिलाड़ियों के आवागमन के लिये हर विकासखंड में वाहन व्यवस्था भी की गई है। आयोजन स्थल पर पेयजल सहित अन्य बुनियादी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी विभिन्न अधिकारियों को सौंपी है। प्रतियोगिता में खो-खो, रस्साकसी, कबड्डी, बॉलीबॉल, सितौलिया, पॉवर लिफ्टिंग, लम्बी कूँद व गोला फेंक इत्यादि खेल विधाओं के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश/नेहा

   

सम्बंधित खबर