कांग्रेस सांसद ने देश तोड़ने की बात कहने का दुस्साहस कर कांग्रेस के विभाजनकारी चरित्र पर मुहर लगाई: भाजपा

रायपुर, 3 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री रामजी भारती ने कर्नाटक में कांग्रेस सरकार में उप-मुख्यमंत्री के भाई और कांग्रेस से बेंगलुरु (ग्रामीण) से सांसद डीके सुरेश पर देश को तोड़कर अलग देश बनाने की विभाजनकारी मानसिकता के प्रदर्शन के लिए जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सांसद द्वारा इस तरह की बात कहने का दुस्साहस दरअसल कांग्रेस के देश विभाजनकारी चरित्र पर मुहर है। उन्होंने कांग्रेस सांसद के बयान को लेकर सोनिया गांधी और राहुल गांधी से कांग्रेस का नजरिया स्पष्ट करने और देश तोड़ने की बात करने वाले कांग्रेस सांसद को संसद की सदस्यता से इस्तीफा लेकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री रामजी भारती ने शनिवार शाम को जारी अपने बयान में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अंध-विरोध में कांग्रेस अब अपनी राजनीतिक मर्यादाएं और संविधान की रक्षा की शपथ तक को भूल गई है। देश कांग्रेस को इस तरह की देश-विभाजन की बातों पर मुंह में दही जमाए बैठे रहने के लिए कभी माफ नहीं करेगा। एक तरफ राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के नाम पर राजनीतिक नौटंकी कर रहे हैं और उनकी पार्टी के सांसद देश तोड़ने का शर्मनाक दुस्साहस कर रहे हैं। इससे यह आईने की तरह साफ हो जाता है कि राहुल दरअसल भारत तोड़ो यात्रा कर रहे हैं और देश तोड़ना ही कांग्रेस का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि यह बेहद आपत्तिजनक है कि कांग्रेस सांसद ने संसद में बजट पेश होने के बाद जारी बयान में यह धमकी देने का दुस्साहस किया है कि 'हमें अपने राज्य से जीएसटी, सीमा शुल्क और प्रत्यक्ष करों में अपना हिस्सा मिलना चाहिए। हम दक्षिण भारत के साथ बहुत अन्याय देख रहे हैं। हम अपने हिस्से का पैसा उत्तर भारत में बंटते हुए देख रहे हैं। अगर आज हम इसकी निंदा नहीं करेंगे तो आने वाले दिनों में हमें दक्षिण भारत के लिए एक अलग देश बनाने का प्रस्ताव रखना पड़ेगा।'

भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री रामजी भारती ने कांग्रेस सांसद के इस दुर्भाग्यपूर्ण बयान की कड़ी निंदा करते हुए मांग की कि तुरंत ऐसी मानसिकता वाले लोगों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने सवाल दागा कि क्या सोनिया गाँधी, राहुल गाँधी और प्रियंका वाड्रा अपने कांग्रेस सांसद के देश को तोड़ने वाले बयान की निंदा करने का साहस प्रदर्शित करेंगी? क्या कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे अपने सांसद डीके सुरेश को इस अक्षम्य अपराध के लिए पार्टी से निष्कासित करने का साहस दिखाएंगे? कांग्रेस हमेशा से देश को जाति, धर्म और क्षेत्र को आपस में लड़ाकर सत्ता की राजनीति करती आई है। उत्तर भारत और दक्षिण भारत के बीच जनता को उकसाकर अपनी राजनीति करने वाली कांग्रेस के तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने तेलंगाना के डीएनए को बिहार-यूपी यानी उत्तर भारत के डीएनए से बेहतर बताया था। कांग्रेस और उसके घमंडिया गठबंधन में शामिल द्रमुक के सांसद दयानिधि मारन ने उत्तरप्रदेश व बिहार के हिन्दी भाषी लोगों को तमिलनाडु में सड़क और टॉयलेट साफ करने वाला कहकर अपमानित किया था।

भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री रामजी भारती ने कहा कि कांग्रेस व उसके सहयोगी दल इस तरह की विवादित टिप्पणियां करके आगामी लोकसभा चुनाव से पहले देश में क्षेत्र और भाषा के आधार पर विभाजन की रेखा खींचकर देश की राजनीतिक सौजन्यता और परस्पर सौहार्द्र को खत्म करने का साजिशाना एजेंडा चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि आंकड़े गवाह हैं कि प्रधानमंत्री श्री मोदी की सरकार ने केंद्र की सोनिया-मनमोहन की कांग्रेस सरकार की तुलना में सभी राज्यों के शेयर में भारी वृद्धि की है। कर्नाटक में तो एचएएल और बोईंग की फैसिलिटी भी लगाई गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव शर्मा/प्रभात

   

सम्बंधित खबर