इंदौरः कलेक्टर आशीष सिंह की पहल पर सशक्त बनेंगे दिव्यांग

- स्टार्टअप, जॉब्स, स्वरोजगार संबंधी समस्याओं का समाधान कलेक्टर ऑफिस की एकल खिड़की सशक्त से होगा

इंदौर, 7 फरवरी (हि.स.)। इंदौर में कलेक्टर आशीष सिंह की पहल से एक बेहद महत्वपूर्ण सुविधा जिले के दिव्यांगजनों के लिए प्रारम्भ की गई है। कलेक्टर कार्यालय में दिव्यांगजनों की स्टार्टअप, जॉब्स/स्वरोजगार संबंधी समस्याओें के समाधान के लिए एकल खिड़की स्थापित की गई हैं। सशक्त नाम से स्थापित यह एकल खिड़की दिव्यांगजनों को सशक्त बनायेगी।

कलेक्टर आशीष सिंह ने बुधवार को बताया कि जिले के दिव्यांगों हेतु विभिन्न विभागों जैसे नगर निगम, सामाजिक न्याय विभाग , जिला पंचायत और अन्य सम्बंधित एनजीओ, कॉरपोरेट्स , कम्पनीज , संस्थाओं और व्यक्तियों को भी इस एकल खिड़की से जोड़ा है। जनसुनवाई और अन्य माध्यमों से दिव्यांगजनों की विभिन्न समस्याएं सामने आती है। इन समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए यह व्यवस्था शुरू की गई हैं। इस एकल खिड़की के माध्यम से दिव्यांगजनों की पेंशन,आधार कार्ड, समग्र आईडी तथा यूआईडी संबंधी समस्याओं का भी निदान किया जायेगा। दिव्यांगजनों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए कलेक्टर सिंह की पहल पर आगामी 20 फरवरी को दिव्यांग रोजगार मेला भी आयोजित किया जा रहा हैं। इस मेले के लिए इस एकल खिड़की के माध्यम से पंजीयन भी हो रहा हैं।

एकल खिड़की में दिव्यांगो के स्टार्टअप, उनके रोज़गार हेतु सार्थक प्रयास होंगे। जन सुवाई के दौरान यहाँ यह पर टीम उपलब्ध होगी। यह एकल खिड़की कार्यालयीन दिवस में कार्यालय समय में खुली रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश

   

सम्बंधित खबर