![](/Content/PostImages/08dl_m_430_08022024_1.jpg)
गुवाहाटी, 08 फरवरी (हि.स.)। गुवाहाटी के जोराबाट पुलिस चौकी की टीम ने पुलिस चौकी प्रभारी के नेतृत्व में अभियान चलाकर 15 मवेशियों को लेकर जा रहे एक वाहन को जब्त करने के साथ ही एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि आज सुबह जोराबाट पुलिस चौकी प्रभारी के नेतृत्व में जोराबाट पुलिस चौकी के पास चलाए गए अभियान के दौरान बोलेरो पिकअप (एएस-02डीसी-4552) को जब्त किया गया। जब्त किए गए वाहन में अवैध तरीके से 15 मवेशियों को नगांव जिले से मेघालय के पशु बाजार तक ले जाया जा रहा था। इस मामलों में एक पशु तस्कर को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार पशु तस्कर की पहचान चालक अरिफूल इस्लाम के रूप में की गई है।
जब्त किए गए वाहन में बड़े ही क्रूर तरीके से सभी पशुओं की तस्करी की जा रही थी। ज्ञात हो कि राज्य में सख्त पशु कानून लागू होने के बावजूद मवेशियों की तस्करी जारी है। पुलिस इस संबंध में असम पशु अधिनियम के तहत एक प्राथमिक की दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार/असरार/अरविंद