बलिया : मौनी अमावस्या पर लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई गंगा में आस्था की डुबकी

बलिया, 09 फरवरी (हि.स.)। मौनी अमावस्या पर शुक्रवार को गंगा घाटों पर लाखों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। लोगों ने पवित्र गंगा स्नान के बाद मंदिरों में दर्शन-पूजन भी किया। पवित्र नदियों में स्नान करने वालों में महिलाओं की संख्या अधिक रही।

मौनी अमावस्या पर शहर से गंगा घाटों की ओर जाने वाले मार्गों पर भोर से ही लोगों का रेला शुरू हो गया था। हैबतपुर व शिवरामपुर घाट पर सर्वाधिक भीड़ जुटी। गंगा में पवित्र डुबकी लगाने के साथ ही लोगों ने गंगा घाटों पर दीप भी जलाए। कई लोगों ने मौन रह कर स्नान किया। इसके बाद बालेश्वर नाथ मंदिर व बाबा भृगु मंदिर में लोगों का रेला उमड़ पड़ा। जहां दर्शन के बाद श्रद्धालुओं ने चावल, गुड़ व तिल दान किया। गंगा के भरौली व उजियार घाट पर भी आस्थावानों की भीड़ देखी गई।

उधर, सरयू नदी के कठौड़ा घाट पर भी भारी संख्या में लोग स्नान करने पहुंचे थे। सरयू के स्नान के बाद आसपास के मंदिरों में लोगों ने माथा टेका।

हिन्दुस्थान समाचार/एन पंकज/मोहित

   

सम्बंधित खबर