हिसार: देश-प्रदेश के लिए काफी अहम साबित होंगे लोकसभा चुनाव: ओमप्रकाश चौटाला

प्रदेश की जनता ने बदलाव का मन बनाया

हिसार, 10 फरवरी (हि.स.)। इनेलो सुप्रीमो एवं पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला ने कहा है कि आगामी लोकसभा चुनाव देश व प्रदेश के लिए काफी अहम साबित होंगे। प्रदेश की जनता अब बदलाव का मन बना चुकी है। प्रदेश की जनता पहले लोकसभा चुनाव में और उसके बाद विधानसभा चुनाव में भाजपा का सफाया करेगी। वे शनिवार को पार्टी के प्रदेश महासचिव राजेश गोदारा के सेक्टर-15 स्थित आवास पर कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर रहे थे।

उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारी में जुट जाने का आह्वान किया और कहा कि आज प्रदेश की जनता इनेलो के साथ खड़ी है। जनता के सहयोग से प्रदेश में एक बार फिर इनेलो सरकार बनेगी। प्रदेश में इनेलो की सरकार बनने पर युवाओं को रोजगार दिया जाएगा, बुढ़ापा पेंशन बढ़ाई जाएगी, कर्मचारियों को पुरानी पेंशन दी जाएगी, किसानों को उनकी फसल के उचित दाम दिए जाएंगे और हरियाणा को एक बार फिर विकास की पटरी पर लाया जाएगा। इस अवसर पर इनेलो के प्रदेश महासचिव राजेश गोदारा, अपूर्व गोदारा, नवदीप मलिक, वीरभान सहारण, बलबीर चमारखेड़ा, मनदीप व जिला प्रवक्ता रमेश चुघ आदि भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/राजेश्वर/संजीव

   

सम्बंधित खबर