देवनार में चला बीएमसी का बुलडोजर

ढहाए गए 200 से अधिक अवैध निर्माण

मुंबई, 10 फरवरी (हि.स.)। मुंबई महानगरपालिका प्रशासन ने अवैध निर्माणकार्यो के खिलाफ अभियान शुरू किया है। हाल में देवनार इलाके में बुलडोजर चलाकर 200 से अधिक अवैध निर्माणकार्य ढहाए दिए गए हैं। विभिन्न कार्यो में बाधा बन रहे, इन अवैध निर्माणों को नोटिस देकर तोड़ा गया है, जबकि आरोप लग रहे हैं कि ये कार्रवाई बिना किसी नोटिस दिए बिना की गई है।

बीएमसी के अनुसार नोटिस देने के बाद और प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी करने के अवैध निर्माणों को हटाया गया है। ये निर्माण आश्रय केंद्र, देखभाल केंद्र, वृद्धाश्रम, आधार केंद्र और कौशल विकास केंद्रों के प्रस्तावित विकास कार्यों में बाधा बन रहे थे। देवनार क्षेत्र में तानाजी मालुसरे चौक पर अनधिकृत निर्माण को हटाने का अभियान चलाया गया है। खास बात यह है कि उक्त स्थान पर पहले भी 5 बार बेदखली की कार्रवाई की गई थी। कार्रवाई के बाद भी उक्त स्थान पर फिर से अतिक्रमण औरअनाधिकृत निर्माण हो गया। इसलिए इस बार सख्त कार्रवाई की जा रही है और यह भी ध्यान रखा जा रहा है कि भविष्य में दोबारा अनाधिकृत निर्माण न हो।

देवनार में तानाजी मालुसरे चौक के पास वह आरक्षित भूखंड बीएमसी के संपत्ति विभाग के अधिकार क्षेत्र में है। प्लॉट में महिला कर्मचारियों के लिए आश्रय केंद्र, देखभाल केंद्र, वृद्धाश्रम, आधार केंद्र और कौशल विकास केंद्र जैसे विभिन्न आरक्षण हैं। यहां नागरिक सेवाओं-सुविधाओं के नजरिए से आरक्षित विषयों के अनुरूप ही विकास कार्य कराना अनिवार्य है।

हिन्दुस्थान समाचार/ वीके

   

सम्बंधित खबर