लोकप्रियता में सबसे आगे हैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी: सीआर पाटिल

-लोकसभा में श्वेतपत्र पर सूरत में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पाटिल की प्रेस वार्ता

सूरत, 11 फरवरी (हि.स.)। लोकसभा में केन्द्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण की ओर से लाए गए श्वेतपत्र पर रविवार को सूरत में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल और केन्द्रीय रेल राज्य मंत्री दर्शना जरदोशी ने प्रेस कांफ्रेंस किया। इस अवसर पर भाजपा नेताओं ने कांग्रेस के शासनकाल में खराब अर्थव्यवस्था और एनडीए शासनकाल के विकास कार्यों की चर्चा की।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पालनपुर के डीसा से ई-लोकार्पण के तहत एक ही दिन में हजारों लोगों को घर की सौगात दी। इस कार्यक्रम को सभी 182 विधानसभा सीटों पर देखा गया। एक-एक विधानसभा सीट पर 5 से 8 हजार लोगों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम को देखा। पाटिल ने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता है, जो पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा से भी आगे निकल चुकी है।

पाटिल ने कहा कि लोकसभा में केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने वर्ष 2004 से लेकर 2014 के दौरान देश की खराब हुई अर्थव्यवस्था पर श्वेतपत्र जारी किया। इस दौरान देश की आर्थिक स्थिति, बैंकिंग सेक्टर, विदेशी पूंजी और कर्ज आदि सभी क्षेत्र में भारत की हालत खराब थी। बाद में जब वर्ष 2014 में प्रधानंमत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनी तो खराब अर्थव्यवस्था को लेकर पहले सभी गड्ढे भरे गए। देश के सर्वांगीण विकास के साथ अर्थव्यवस्था को ठीक करने में सफलता मिली।

विश्व की तीसरे नंबर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य: जरदोश

इस अवसर पर केन्द्रीय रेल राज्य मंत्री दर्शना जरदोश ने कहा कि वर्ष 2014 में देश की अर्थ व्यवस्था 11वें स्थान पर थी, जिसे अब 5वें स्थान पर पहुंचाया गया है। एनडीए सरकार अपने तीसरे टर्म में देश की अर्थव्यवस्था को विश्व में तीसरे नंबर की अर्थव्यवस्था बनाने की इच्छाशक्ति के साथ काम कर रही है। जरदोश ने रेलवे के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों की चर्चा की। इस अवसर पर गुजरात सरकार के गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी, शिक्षा राज्य मंत्री प्रफुलभाई पानसेरिया, वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री मुकेश पटेल, भाजपा शहर प्रमुख निरंजन झांझमेरा, महापौर दक्षेश मवाणी, विधायक प्रवीण घोघारी, विधायक संदीप देसाई, विधायक मनु पटेल, किशोर बिंदल समेत अन्य नेता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ बिनोद/संजीव

   

सम्बंधित खबर