भरतपुर में धर्मांतरण का मामला : महिलाओं को होटल बुलाकर बांटे 500-500 रुपए, हंगामा

भरतपुर, 11 फ़रवरी (हि.स.)। भरतपुर के मथुरा गेट थाना क्षेत्र में धर्म परिवर्तन का मामला सामने आया है। यहां ईसाई मिशनरी के पन्द्रह लोग रविवार को साढ़े तीन सौ लोगों को धर्म परिवर्तन करा रहे थे। इस दौरान विश्व हिंदू परिषद् और बजरंग दल के कार्यकर्ता पहुंच गए और सभा के वीडियो बना लिए। दोनों पक्षों में छीना-झपटी हुई और भगदड़ मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीन लोगों को हिरासत में लिया है।

विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष लाखन सिंह ने बताया कि हमें पता लगा था कि ईसाई मिशनरी की ओर से सोनार हवेली में धर्म परिवर्तन की कोशिश चल रही है। हम मौके पर पहुंचे तो वहां ईसाई धर्म की चंगेजी सभा चल रही थी। वहां 10 से 15 लोग थे, जो यह कह रहे थे कि ईसा-मसीह के पास सभी समस्याओं का हल है। ईसाई धर्म अपनाइए आपकी सभी समस्याएं दूर हो जाएंगी। वह चाहे पैसे से संबंधित हो या बीमारी से संबंधित हो और ब्रह्मा, विष्णु, राम, हनुमान कुछ नहीं है। धर्म परिवर्तन कराने वाले लोग हिंदू देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर रहे थे। हमने इसकी रिकॉर्डिंग करना शुरू कर दिया। इसके बाद जब हमने उनसे कहा कि हमारे देवी-देवताओं पर अभद्र टिप्पणी क्यों कर रहे हो तो, उसमें से कुछ महिलाएं खड़ी हुईं और फोन छीनने लगी। मारपीट करने की कोशिश की।

विश्व हिंदू परिषद् के जिला मंत्री श्याम सुन्दर गुप्ता के अनुसार महिलाओं ने छीना-झपटी करते हुए फोन छीन लिए। ये लोग हिंदू देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर रहे थे। उन्होंने बताया कि इस धर्म परिवर्तन की प्रक्रिया को लेकर हमने वहां आई महिलाओं से बात की। उन्होंने बताया कि हमसे ईसाई धर्म के लोगों ने संपर्क किया और सभा में आने के लिए 500 रुपए प्रति महिला दिए थे। महिलाओं से कहा गया था कि आप ईसाई धर्म अपना लीजिए। हम आपके बच्चों की शादी में और घर में सहायता किया करेंगे। प्रशासन ने हिरासत में लिए लोगों से कई चीजें जब्त की हैं।

जिला मंत्री श्याम सुंदर गुप्ता ने बताया कि यहां कम से कम 350 लोग थे। हमें सूचना मिलने पर पहुंचे तो पता चला कि सभी को अलग-अलग तरीकों से बुलाया गया था। किसी को पैसे देकर तो किसी को बीमारी ठीक करने के बहाने। जब हमने यहां धर्म परिवर्तन करा रहे सरगना को पकड़ा तो उसने कहा कि हमें चंडीगढ़ से फंडिंग आती है। हम भी राजस्थान से है और हिंदू ही है। हमने यहां मौजूद लोगों से पूछा, लेकिन उन्होंने कहा कि हमें कोई बीमारी नहीं है। ऐसे में ये मामला सिर्फ और सिर्फ धर्म परिवर्तन का है। लाखन सिंह ने बताया कि हमने सरगना कुंवर सिंह को पकड़ा जो उद्योग नगर थाने के तुहिया (भरतपुर) ही रहने वाला है। कुंवर सिंह ने बताया कि भरतपुर में ही 20 से 25 जगहों पर धर्मांतरण चल रहा है। उसे चंडीगढ़ से विजेंद्र सिंह पैसा देकर ये काम करवा रहा था।

पुलिस इस मामले में कुछ भी कहने से इनकार कर रही है, मामले की जांच जारी है। हिरासत में लिए गए लोगों को अटल बंद थाने ले जाया गया है। जहां एएसपी भूपेंद्र शर्मा और कोतवाली एसएचओ दिलीप सोनी, मथुरा गेट एसएचओ पन्नालाल और सीओ सिटी नगेंद्र सिंह पूछताछ कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर