अथक प्रयास से सफल होगा सशक्त और अखंड भारत का सपना प्रो. नीरज गुप्ता

मेरठ, 12 फरवरी (हि.स.)। गुजरात विश्वविद्यालय अहमदाबाद की कुलपति प्रो. नीरज गुप्ता ने कहा कि विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए अपने-अपने स्तर पर अथक प्रयास करने होंगे, तभी अखंड भारत एवं सशक्त भारत का सपना पूरा हो सकेगा।

चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग में सोमवार को ’भारतीय संवैधानिक मूल्य एवं आदर्श’ विषय पर एक दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। प्रो. पवन शर्मा ने विषय प्रवेश करते हुए कहा कि भारतीय संविधान प्राचीन भारत की दीर्घ परंपरा का परिणाम हैं। भारतीय वांगमय में मानव ही नहीं, बल्कि समस्त जीवधारियों का उल्लेख किया गया है। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग नई दिल्ली के पूर्व निदेशक संजय दुबे ने बताया कि संविधान का प्रत्येक शब्द स्वयं में ऐतिहासिक महत्व को दर्शाता है। प्रत्येक शब्द में इतिहास समय-समय पर एक नया रंग भरता है। उन्हीं के आधार पर भावनाएं निर्मित होती हैं। वर्तमान समय में आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना में आर्थिक संप्रभुता एवं आर्थिक विकेंद्रीकरण में समाजवाद एवं सर्वधर्म समभाव में धर्मनिरपेक्षता की भावना उजागर होती है।

राजनीति विज्ञान विभाग डायरेक्टर एकेडमी के अध्यक्ष एवं कला संकाय अध्यक्ष प्रो. संजीव शर्मा ने कहा कि संविधान एक बड़ी यात्रा है, जिसमें हम प्रशासनिक इकाई के रूप में चलते रहे हैं जो हमारे सभी प्रश्नों का समाधान प्रस्तुत करने में सहायक है। मुख्य अतिथि गुजरात विश्वविद्यालय अहमदाबाद की कुलपति प्रो. नीरज गुप्ता रही। राष्ट्रीय संगोष्ठी के आयोजन सचिव डॉ. देवेंद्र उज्ज्वल ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

इस अवसर पर प्रो. अनुजा गर्ग, प्रो. रमेश कुमार, प्रो. विनीता, डॉ. सुषमा रामपाल, डॉ. भानुप्रताप सिंह, डॉ. जयवीर राणा, डॉ. भूपेंद्र प्रताप सिंह, डॉ. चंचल, डॉ. गीता, रजत कोहली, प्रियंका तंवर, सुमित देशवाल, शेफाली, सोनम अग्रवाल, रवि पोसवाल, मुस्कान आदि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ डॉ. कुलदीप/बृजनंदन

   

सम्बंधित खबर