अनियंत्रित वाहन के धक्के से बाइक सवार एक भाई की मौत, दूसरा गंभीर

पलामू, 12 फ़रवरी (हि.स.)। पांकी-मेदिनीनगर मुख्य पथ के तेतराई नहर के समीप सोमवार भीषण सड़क दुर्घटना हो गई जिसमें बाइक सवार एक भाई की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। अनियंत्रित जाइलो वाहन ने बाइक सवार दोनों भईयों को अपनी चपेट में लिया। घटना के बाद परिजन एवं स्थानीय लोग मुख्य मार्ग को कर्पूरी चौक के समीप जाम कर धरना दे रहे हैं। 25 लाख मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग पर अड़े हैं।

मृतक की पहचान पांकी के भुइयां कुरहा गांव निवासी विनोद सिंह के रूप में की गई है वहीं उनके सगे भाई रामा सिंह भी इस घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से दोनों को एमएमसीएच भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने समाजसेवी विनोद सिंह के मौत होने की पुष्टि कर दी, वही बेहतर इलाज हेतु रामा सिंह को रांची रिम्स रेफर किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार लोगों के द्वारा अनियंत्रित जाइलो वाहन की पहचान भी की जा चुकी है। वहीं लोगों ने बताया कि दोनों सगे भाई मोटरसाइकिल से किसी रिश्तेदार के यहां जा रहे थे।

इधर घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने पांकी के कर्पूरी ठाकुर चौक के समीप पांकी मेदिनीनगर मुख्य पथ को जाम कर दिया, वहीं मृतक के आश्रितों को 25 लाख रुपए मुआवजे एवं सरकारी नौकरी की मांग पर अड़े हुए हैं।

मामले की जानकारी होने के बाद पांकी विधायक कुशवाहा डॉक्टर शशी भूषण मेहता, प्रखंड प्रमुख पंचम प्रसाद समेत प्रखंड के अन्य प्रतिनिधि भी धरना स्थल पर पहुंच चुके हैं। वहीं पांकी थाना प्रभारी उपेंद्र नारायण सिंह प्रखंड विकास पदाधिकारी भी मृतक के परिजनों समेत आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने बुझाने का प्रयास कर रहे हैं।

घटना की जानकारी देते हुए मृतक के सगे भाई बुद्ध नारायण सिंह ने बताया कि अनियंत्रित जाइलो वाहन के धक्के से उनके सगे भाई की मौत हो गई। वहीं एक भाई जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है। उन्होंने प्रशासन से अविलंब दोषी पर कार्रवाई एवं 25 लख रुपए मुआवजे एवं सरकारी नौकरी की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार/दिलीप

   

सम्बंधित खबर