एनडीए के तीनों राज्यसभा प्रत्याशियों को सुशील मोदी ने दी जीत की अग्रिम बधाई

पटना, 14 फ़रवरी (हि.स.)। बिहार से राज्यसभा की तीन सीटों पर एनडीए प्रत्याशी डॉ. भीम सिंह, धर्मशीला गुप्ता और संजय झा के नामांकन के समय बुधवार को उपस्थित पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने तीनों प्रत्याशियों को जीत की अग्रिम बधाई दी।

सुशील मोदी ने राज्यसभा सदस्य के रूप में अपना कार्यकाल पूरा होने पर भाजपा नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देश में उनके जैसे कम ही कार्यकर्ता होंगे, जिन्हें 33 साल के सार्वजनिक जीवन में राज्यसभा, लोकसभा, विधान परिषद और विधान सभा सहित सभी चार सदनों का सदस्य रहने का सौभाग्य मिला हो।

उन्होंने कहा कि चंद्रवंशी समाज के डाॅ. भीम सिंह और तेली समाज की धर्मशीला गुप्ता को राज्यसभा भेजने का निर्णय अतिपिछड़ा और महिला को सम्मान देने की भाजपा की प्रतिबद्धता के अनुरूप है। सुशील मोदी ने कहा कि वह अंतिम क्षण तक अपनी पार्टी के माध्यम से समाजिक जीवन में योगदान करते रहेंगे।

15 साल विधायक, 13 साल नेता प्रतिपक्ष और 10 साल उप मुख्यमंत्री रहे सुशील मोदी

सुशील मोदी 10 साल बिहार के उप मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री रहे। वित्त मंत्री रहते उन्हें राज्यों के वित्त मंत्रियों की प्राधिकृत समिति का अध्यक्ष बनाया गया था। सुशील मोदी लालू-राज के कठिन दौर में 8 साल तक विधान सभा में विपक्ष के नेता रहे। उस समय सत्तारूढ़ दल के लोग विपक्ष को बोलने नहीं देते थे और सदन के भीतर हाथ से कागज तक छीन लेते थे। उन्होंने 5 साल तक विधान परिषद में भी नेता-प्रतिपक्ष का दायित्व निभाया।

जेपी आंदोलन में सक्रियता और आपातकाल में 19 महीने की जेल काटने के बाद सुशील मोदी जब मुख्यधारा की राजनीति में आए तब लगातार 15 साल विधायक और 9 साल विधान परिषद के सदस्य रहे। उन्होंने लोकसभा में भागलपुर संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। राज्यसभा सदस्य बनने पर वे सदन की विधि एवं न्याय समिति के अध्यक्ष रहे। सुशील मोदी ने अपने लंबे संसदीय जीवन में जनता से जुड़े अनेक मुद्दे उठाये लेकिन कभी सदन की गरिमा के विपरीत आचरण नहीं किया।

हिन्दुस्थान समाचार/ चंदा/चंद्र प्रकाश

   

सम्बंधित खबर