राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा 17 फरवरी को काशी पहुंचेगी: अजय राय

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का दावा, यात्रा यूपी ही नही पूरे देश में मील का पत्थर साबित होगी

वाराणसी, 14 फरवरी (हि.स.)। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा 16 फरवरी को जनपद चंदौली से उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगी। जनपद चंदौली की सीमा नौबतपुर से यात्रा सैयदराजा शहीद स्मारक पर आकर रूकेगी। यहां राहुल गांधी स्मारक पर श्रद्धासुमन अर्पित करने के बाद आम जनता को सम्बोधित करेंगे। फिर चंदौली, मुगलसराय होते हुए यात्रा शाम को अवधूत भगवान राम आश्रम के निकट पड़ाव पहुंचेगी और यहीं रात्रि विश्राम भी होगा। बुधवार को यह जानकारी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने पत्रकारों को दी।

अजय राय ने आगे बताया कि अगले दिन 17 फरवरी को यात्रा सुबह 8 बजे गोलगड्डा से प्रारम्भ होकर बाबा विश्वनाथ के दरबार तक पहुंचेगी। यहां यात्रा में शामिल राहुल गांधी और अन्य नेता बाबा विश्वनाथ का दर्शन करेंगे। इसके बाद गोदौलिया चौराहे पर जनता को संबोधित करने के बाद यात्रा रथयात्रा, मड़ुवाडीह होते जनपद भदोही के लिए प्रस्थान करेगी। प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा यूपी ही नहीं देश के आम जनमानस के खुशहाली के लिए मील का पत्थर साबित होगी।

वार्ता में केन्द्र की भाजपा सरकार को निशाने पर लेते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि किसानों की लगातार बढ़ती समस्याओं और आत्महत्या को देखते हुए कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी ने किसान न्याय के तहत घोषणा किया है कि 2024 में कांग्रेस नेतृत्व में इंडिया गठबंधन की सरकार बनती है तो जिस तरह पूर्व में कांग्रेस ने किसानों के साथ किया वादा निभाया है। उसी तरह किसानों के लिए एमएसपी का लीगल कानून बनाकर देगी।

किसान आंदोलन को लेकर सरकार को घेरते हुए अजय राय ने कहा कि 700 से ज्यादा किसान वर्ष 2021 में दिल्ली सीमा पर किसान विरोधी तीन कानून के विरोध में शहीद हुए। तब देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्तिक पूर्णिमा के दिन किसानों का आंदोलन यह कहते समाप्त कराया कि मेरी तपस्या में कमी रह गई होगी। यह कानून वापस लेते हैं और आपको जल्द एमएसपी का लीगल कानून बनाकर देंगे। आज सरकार का अंतिम सत्र भी समाप्त हो गया और किसानों के साथ प्रधानमंत्री का दिया वादा पूरा नहीं हुआ। जिसे लेकर किसानों ने दिल्ली बार्डर पर शांति पूर्ण अपने आन्दोलन के लिए कूच किया तो उनके ऊपर आंसू गैस के गोले छोड़ने के साथ लाठी चार्ज किया गया। इस दौरान पत्रकार भी गोली से घायल हो गये। उन्होंने सवाल किया कि क्या अब किसान के साथ पत्रकार भी देशद्रोही हो गया है। पत्रकार वार्ता में मनोज यादव (अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग कांग्रेस), प्रदेश प्रवक्ता संजीव सिंह, महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे, जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल आदि भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर/आकाश

   

सम्बंधित खबर