भोपाल: भाजपा में शामिल हुए छिंदवाड़ा एवं बड़वानी जिले के कांग्रेस कार्यकर्ता

भोपाल, 14 फ़रवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा एवं न्यू ज्वाइनिंग टोली के प्रदेश संयोजक डॉ. नरोत्तम मिश्रा के समक्ष छिंदवाडा जिले के साहू समाज के राष्ट्रीय, प्रदेश व जिला पदाधिकारी एवं कांग्रेस के बड़वानी जिला अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक वीरेन्द्र सिंह राठौर दरबार व जिले के कांग्रेस पदाधिकारियों ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने वाले कांग्रेस नेताओं व साहू समाज के राष्ट्रीय, प्रदेश व जिला पदाधिकारियों का प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा व न्यू ज्वाइनिंग टोली के प्रदेश संयोजक डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने पार्टी का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया। छिंदवाड़ा जिले से कांग्रेस के नेता व राष्ट्रीय तेली साहू महासंगठन के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष प्रकाश साहू, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अशोक साहू, राष्ट्रीय संगठन मंत्री गिरीश साहू, नगर अध्यक्ष सोनू साहू, युवा जिलाध्यक्ष दीपक साहू, राजनैतिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष अंबर साहू सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी पार्टी में शामिल हुए हैं।

बड़वानी जिला अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक वीरेन्द्र सिंह राठौर दरबार, मंडल अध्यक्ष संजय गोयल, पूर्व नगर अध्यक्ष किशोरीलाल, सावन मखवाने, महेश जुलवान्या बडो, आदित्य निगवाल, संजू बडोले, राकेश बडोले, जैतराम डेहरिया, वैश्य समाज नगर अध्यक्ष अंतिम अग्रवाल, महामंत्री सलील बंसल, साहू समाज के जिलाध्यक्ष नवनीत साहू, राजेन्द्र सिंह राठौर, सौरभ राठौर सहित बडी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारियों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में पार्टी का विस्तार हो रहा है: विष्णुदत्त शर्मा

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि आज छिंदवाड़ा जिले के सैकड़ों नौजवान कांग्रेस पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं। बड़वानी जिला कांग्रेस के 15 वर्षोंं से अध्यक्ष रहे और पूर्व विधायक वीरेंद्र सिंह दरबार ने भी अपने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ आज भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। मैं सभी का भाजपा परिवार में स्वागत करता हूं। राम नाम की गंगा बह रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश को आगे ले जाने के लिए जारी इस यात्रा में सभी सम्मिलित होने के लिए भाजपा में शामिल हो रहे हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पार्टी का विस्तार हो रहा है। हम सब मिलकर पार्टी को और मजबूत बनाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/ केशव दुबे/मुकेश

   

सम्बंधित खबर