सनातन की रक्षा के लिए महाराजा सुहेलदेव ने लड़ी थी बड़ी लड़ाई : अनिल राजभर

महाराजा सुहेल देव की जयंती पर बैंड बाजों के साथ निकली शोभायात्रा

वाराणसी,14 फरवरी (हि.स.)। महाराजा सुहेलदेव की जयंती पर बुधवार को सारनाथ स्थित हवेलिया चौराहा से सुहेलदेव उद्यान तक गाजे-बाजे के शोभायात्रा निकाली गई। प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर के नेतृत्व में निकली शोभायात्रा में बड़ी संख्या में राजभर समाज सहित अन्य समाज के लोग भी शामिल हुए।

शोभायात्रा में ऊंट, घोड़ा, बग्घी के साथ सुहेलदेव समर्थक सुहेलदेव अमर रहें के नारे लगाते हुए सुहेलदेव उद्यान पहुंचे। उद्यान में कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर एवं महापौर अशोक तिवारी ने सुहेलदेव की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किया।

इस दौरान आयोजित सभा में मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि आज राष्ट्रवीर महाराजा सुहेल देव का जन्मदिवस है। इस अवसर पर राजभर समाज के साथ ही हर वर्ग, हर समाज के लोग महाराजा सुहेल देव को नमन करने लिए यहां आए हुए हैं।

मंत्री ने कहा कि सनातन की रक्षा के लिए महाराजा सुहेलदेव ने बड़ी लड़ाई लड़ी थी और दुश्मनों को मौत के घाट उतारा था। उस काल खंड में उन्होंने अयोध्या की भी रक्षा की थी। आज देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का महापुरुषों को सम्मान करने का जो अभियान है वो आज चरितार्थ हो रहा है।

उन्होंने कहा कि मुझे ठीक से याद है जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भगवान श्री राम के भव्य मंदिर की आधारशिला रखने अयोध्या आए थे। और जब काशी विश्वनाथ काॅरिडोर का लोकार्पण करने आए थे। तब उन्होंने अपने भाषण में भगवान सुहेल देव का उल्लेख किया और उन्हें याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की थी।

मंत्री राजभर ने कहा कि प्रधानमंत्री ने महाराजा सुहेल देव के नाम पर डाक टिकट जारी किया। महाराजा सुहेल देव के नाम से एक्सप्रेस ट्रेन शुरू की। प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार बहराइच में महाराजा सुहेल देव का भव्य स्मारक बनाने का कार्य कर रही है। इसके साथ ही आजमगढ़ में विश्वविद्यालय एवं बहराइच में मेडिकल कॉलेज बनाने का कार्य प्रदेश भाजपा सरकार कर रही है।

उन्होंने कहा कि महाराजा सुहेल देव को जितना मान सम्मान भाजपा सरकार ने दिया है उतना किसी और सरकार ने कभी नहीं दिया। राजभर ने कहा कि 2024 का लोकसभा चुनाव विकास के मुद्दे पर लड़ा जाएगा। काशी में विश्वनाथ काॅरिडोर और अयोध्या में भगवान श्री राम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर बनने के बाद देश और दुनिया से लोग काशी और अयोध्या आ रहे हैं। जिससे पर्यटन के साथ साथ अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

मंत्री ने कहा कि देश को फाइव ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था और उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन डालर की अर्थव्यवस्था बनाने की ओर हम तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर अशोक तिवारी ने की। सभा में फागू राजभर, मोहनराजभर, संजय सिंह, भाजपा काशी क्षेत्र के मीडिया प्रभारी नवरतन राठी, कमलेश मौर्या, प्रकाश राजभर, जगदीश राजभर, गुरुदयाल राजभर, अजय राजभर, मुन्ना निषाद, शेखर राजभर आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर/राजेश

   

सम्बंधित खबर