हुगली : संदेशखाली मामले को लेकर भाजपा ने किया विरोध प्रदर्शन

Protest 

हुगली, 15 फरवरी (हि.स.)। संदेशखाली में महिलाओं पर हुए अत्याचार एवम् प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार पर हुए हमले के खिलाफ गुरुवार को हुगली जिले में भारतीय जनता पार्टी एवं सहयोगी शाखा संगठनों के कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। हुगली जिला पुलिस (ग्रामीण) के कार्यालय के साथ-साथ चंदननगर पुलिस कमिश्नरेट के डीसीपी (श्रीरामपुर) के कार्यालय के बाहर भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया और ज्ञापन सौंपा। रिषड़ा थाने में भी रिषड़ा नगर पालिका की भाजपा पार्षद शशि सिंह के नेतृत्व में भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन सौंपा।

भाजपा के हुगली और आरामबाग सांगठनिक जिले के कार्यकर्ताओं ने हुगली जिला ग्रामीण पुलिस मुख्यालय के निकट प्रदर्शन किया। इस दौरान महिला भाजपा कार्यकर्ता सड़क पर लेट गईं और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। हालांकि एसपी कार्यालय पहुंचने से पहले ही भाजपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोक दिया। आरोप है कि इस दौरान पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर हल्का बल प्रयोग भी किया जिसमें कई महिला कार्यकर्ता चोटिल हो गईं।

बहरहाल, हुगली की सांसद लॉकेट चटर्जी के नेतृत्व में भाजपा के एक पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने एसपी मुख्यालय में ज्ञापन सौंपा। सांसद ने कहा कि शाहजहान को उसके जघन्य अपराध के लिए मौत की सजा होनी चाहिए।

वहीं हुगली श्रीरामपुर सांगठनिक जिले के कार्यकर्ताओं ने उपाध्यक्ष और रिषड़ा नगरपालिका के 11 नंबर वार्ड की पार्षद शशि सिंह झा के नेतृत्व में पहले रिषड़ा थाने के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और रिषड़ा थाने में संदेशखाली की घटना को लेकर ज्ञापन सौंपा। हालांकि इस दौरान रिषड़ा नगरपालिका के 10 नंबर वार्ड के पार्षद मनोज सिंह नहीं दिखे। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ता डीसीपी (श्रीरामपुर) के कार्यालय के सामने पहुंचे और वहां श्रीरामपुर सांगठनिक जिला अध्यक्ष मोहन अदक के नेतृत्व जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान श्रीरामपुर सांगठनिक जिला भाजपा की महासचिव शशि सिंह झा, उपाध्यक्ष किशन साव, जिला भाजपा नेता विजय उपाध्याय, राकेश चौधरी, भाजयुमो नेता हरि मिश्रा सहित भाजपा एवम् शाखा संगठनों के नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। हिन्दुस्थान समाचार /धनंजय /गंगा

   

सम्बंधित खबर