उप्र में बारिश के साथ हुई ओलावृष्टि, चली तेज हवाएं

कानपुर, 20 फरवरी (हि.स.)। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को उत्तर प्रदेश में बादलों की आवाजाही बनी रही। बुन्देलखण्ड सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश में स्थानीय स्तर पर बारिश हुई। वहीं महोबा और हमीरपुर के इलाकों में ओलावृष्टि के साथ तेज हवाएं चलीं। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी तीन दिन मौसम ऐसा ही बना रहेगा और पश्चिमी से लेकर पूर्वी उत्तर प्रदेश तक तेज हवाओं के साथ बारिश व ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने मंगलवार को बताया कि पश्चिमी विक्षोभ को उत्तरी पाकिस्तान और इससे सटे जम्मू कश्मीर पर एक चक्रवाती परिसंचरण के रूप में देखा जाता है। प्रेरित चक्रवाती परिसंचरण पंजाब और पाकिस्तान के आसपास के क्षेत्रों पर है। 155 नॉट की अधिकतम गति के साथ जेट स्ट्रीम उत्तर भारत में औसत समुद्र तल से 12.6 किमी ऊपर बनी हुई है। मौसम की इन गतिविधियों से उत्तर प्रदेश के मौसम में एक बार फिर बदलाव देखा जा रहा है। आज स्थानीय स्तर पर कई जनपदों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई और बुन्देलखण्ड के इलाकों में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। आगामी तीन दिन बारिश के आसार है और इन दिनों किसान भाई फसलों पर सिंचाई न करें।

डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 29.0 और न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 89 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 52 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 8.8 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार कानपुर में अगले पांच दिनों में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने के कारण 20 से 23 फरवरी के मध्य स्थानीय स्तर पर तेज हवाओं, गरज-चमक एवं ओलावृष्टि साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।

हिन्दुस्थान समाचार/अजय/बृजनंदन/पदुम नारायण

   

सम्बंधित खबर