बाल विवाह के आरोप में दूल्हा-दुल्हन, माता-पिता एवं काजी गिरफ्तार

धुबड़ी (असम), 21 फरवरी (हि.स.)। धुबड़ी जिले के गोलकगंज में बाल विवाह के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई कर एक नाबालिक बच्ची की जिंदगी बर्बाद होने से बचा ली है। गोलकगंज पुलिस ने दूल्हा-दुल्हन, माता-पिता के साथ काजी को भी विवाह स्थल से गिरफ्तार कर लिया है।

गोलकगंज पुलिस ने बुधवार को बताया है कि एक सूचना के आधार पर मंगलवार की मध्य रात्रि को गोलोकगंज के बर चराइखोला में कार्रवाई की गई है। गोलोकगंज के बिसनदै निवासी दो बच्चों का पिता आइनुल हक (33) नामक व्यक्ति बीती मध्य रात्रि को बर चराइखोला निवासी साबेर आरी सरकार की नाबालिग पुत्री से विवाह करने के लिए गया था। जानकारी मिलने पर गोलोकगंज थाना प्रभारी देवजीत कलिता के नेतृत्व में पुलिस ने रात में ही छापामारा। पुलिस ने यहां से दूल्हा आइनुल हक (33), काजी सहाबुद्दीन मीर (38), रफीक सरकार (58), नजरूल शेख (28), धानउद्दीन शेख (60) और नाबालिग दुल्हन को गिरफ्तार कर लेकर थाना ले आई। दुल्हन को रात में गौरीपुर के सखी नामक संस्था में रखा गया।

जानकारी के अनुसार दूल्हा आइनुल हक की पत्नी किसी अन्य व्यक्ति के साथ भाग गयी है। नाबालिग दुल्हन की भी 13 साल की उम्र में पहले ही शादी हो चुकी थी। पुलिस इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर जांच कर रही है।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के निर्देश के बाद राज्य में बाल विवाह के विरुद्ध पूरे राज्य में लगातार अभियान चला रही है। राज्य में दो बार बड़े पैमाने पर चलाए गये अभियान के दौरान बड़ी संख्या में लोगों को बाल विवाह के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

हिन्दुस्थान समाचार/प्रकाश/अरविंद/सुनील

   

सम्बंधित खबर