केमिकल पेंट बनाने की फैक्ट्री में भीषण आग से करोड़ों का नुकसान

मेरठ, 22 फरवरी (हि.स.)। परतापुर थाना क्षेत्र के काशी गांव में केमिकल पेंट बनाने की फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग में करोड़ों रुपये का सामान जल गया। आग की चपेट में आकर फैक्ट्री मालिक भी झुलस गया।

टीपीनगर थाना क्षेत्र के शम्भूनागर निवासी सचिन गुप्ता की काशी गांव में डीएमसी ट्रेडिंग कंपनी नामक केमिकल पेंट बनाने की फैक्ट्री है। बुधवार की देर शाम शार्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आकर फैक्ट्री मालिक सचिन गुप्ता झुलस गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने सचिन को अस्पताल में भर्ती कराया।

केमिकल फैक्ट्री की आग बराबर में स्थित फर्टिलाइजर कंपनी में भी पहुंच गई। फर्टिलाइजर फैक्ट्री में केमिकल के ड्रम एक के बाद एक फटने लगे। सूचना पर फायर बिग्रेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची। फायर बिग्रेड ने फर्टिलाइजर फैक्ट्री की आग पर कड़ी मशक्कत से काबू पा लिया। इसके याद केमिकल पेंट फैक्ट्री की आग बुझाने में लग गई। आग की भयावहता के कारण फायर बिग्रेड की कई गाड़ियां बुलानी पड़ी। फायर बिग्रेड की गाड़ियों ने गुरुवार सुबह तक आग पर काबू पाया। तब तक फैक्ट्री का करोड़ों रुपये का माल जल गया। फैक्ट्री में खड़े कई स्कूटर-मोटरसाइकिल भी जल गई। फायर बिग्रेड आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/डॉ. कुलदीप/राजेश

   

सम्बंधित खबर