नालंदा में दो नकली सिपाही गिरफ्तार

बिहारशरीफ, 1जुलाई (हि.स.)। नालंदा पुलिस ने दो नकली सिपाही को गिरफ्तार किया है। दोनों की करतूत सुनकर पुलिस महकमा भी भौचक है। पुलिस की वर्दी पहन कर दाएं बाएं करने वाले यह दोनों शातिर शेखपुरा जिले के बरबीघा के रहने वाले है। दोनों ने बिहार शरीफ में किराए का मकान ले रखा था। एक महिला की शिकायत पर नगर थाने की पुलिस ने दोनों को धर दबोचा।

गिरफ्तार दोनों नकली सिपाही शेखपुरा जिले के बरबीघा थाना क्षेत्र के माऊर गांव निवासी कुंवर यादव का पुत्र पप्पू कुमार और जमुई जिला के खगड़पुर निवासी सूर्यनारायण यादव का पुत्र मनीष कुमार है।

सदर एसडीपीओ नुरुल हक ने बताया कि एक महिला ने दो पुलिसकर्मी पर गंभीर आरोप लगाए थे। महिला की शिकायत थी कि दोनों पुलिसकर्मियों ने उसे धमकी देते हुए केस उठाने की बात कही थी। महिला के शिकायत के आधार पर पुलिस ने कांड दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।

एसडीपीओ ने बताया कि जब इस पूरे मामले की जांच शुरू की गई तो सबसे पहले सीसीटीवी फुटेज में आए दोनों सिपाही की खोजबीन शुरू कर दी गई। खोजबीन के दौरान यह स्पष्ट हो गया कि दोनों व्यक्ति बिहार पुलिस के जवान नहीं हैं। नगर थाने की पुलिस ने तत्काल बिहार शरीफ शहर के गढ़पर स्थित एक किराए के मकान से दोनों को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने दोनों के पास से बिहार पुलिस की वर्दी, जूता, टोपी, बिहार पुलिस का बैच, नेम प्लेट, डंडा बरामद किया गया।

एसडीपीओ ने बताया कि तफ्तीश के दौरान यह बात सामने आया कि फर्जी दोनों सिपाही के ऊपर पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/प्रमोद

/चंदा

   

सम्बंधित खबर