माथाभांगा में तृणमूल-भाजपा के बीच झड़प, पांच घायल

कूचबिहार, 22 फरवरी (हि.स.)। जिले के माथाभांगा-1 ब्लॉक का बैरागीरहाट इलाके में तृणमूल और भाजपा के समर्थकों के बीच गुरुवार को झड़प हो गई है। स्थानीय चेनाकटा बूथ पर तृणमूल और भाजपा समर्थकों के बीच हुई हिंसा की घटना में दोनों पक्षों के पांच लोग घायल हो गए है। घायलों में तृणमूल बैरागीरहाट अंचल अध्यक्ष परेश बर्मन और भाजपा कार्यकर्ता कार्तिक चंद्र बर्मन शामिल है। दोनों का इलाज माथाभांगा महकमा अस्पताल में चल रहा है। वहीं, शुरुआती इलाज के बाद भाजपा कार्यकर्ता सुशील बर्मन, दिलीप बर्मन और गोजेन बर्मन को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

तृणमूल नेता परेश बर्मन ने आरोप लगाया कि सहायता शिविर में जाते समय अचानक भाजपा के समर्थकों ने उन पर हमला कर दिया। उनकी बाइक भी तोड़ने का प्रयास किया गया। चुनाव से पहले इलाके को गरमाने के लिए भाजपा के लोगों ने योजनाबद्ध तरीके से उन पर हमला किया है। उन्होंने कहा कि थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी जायेगी।

दूसरी ओर, भाजपा के कूचबिहार जिला कमेटी के सदस्य दिनेश बर्मन ने आरोप लगाया कि रविवार को होने वाली सम्मेलन के अवसर पर पार्टी के कुछ कार्यकर्ता क्षेत्र में प्रचार कर रहे थे। तभी अचानक तृणमूल के लोगों ने उन पर हमला कर दिया, एक बाइक तोड़ दी गई। भाजपा के कार्यक्रम में लोगों की संख्या दिन-ब-दिन बढ़ने से तृणमूल डर गई है। इसलिए उनके समर्थकों पर हमला किया गया है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी जा रही है। माथाभांगा थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। हिन्दुस्थान समाचार /सचिन /गंगा

   

सम्बंधित खबर