रिमांड और जमानत न्याय शास्त्र विषय पर क्षेत्रीय सम्मेलन 25 फरवरी को

पलामू, 22 फ़रवरी (हि.स.)। न्यायिक अकादमी झारखंड के सहयोग से पलामू न्याय मंडल की ओर से 25 फ़रवरी रविवार को रिमांड और जमानत न्याय शास्त्र विषय पर क्षेत्रीय सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। यह सम्मेलन पलामू जिले के लेस्लीगंज प्रखंड अंतर्गत गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज में किया जाएगा।

मौके पर बतौर मुख्य अतिथि झारखंड हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति रत्नाकर भेंगरा, सम्मानित अतिथि झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति अनिल कुमार चौधरी, न्यायमूर्ति अंबुज नाथ, न्यायिक अकादमी के डायरेक्टर सुधांशु कुमार शशि एवं अन्य न्यायमूर्ति मुख्य रूप से उपस्थित होंगे।

इस संबंध में गुरूवाार को जानकारी देते हुए सिविल कोर्ट के निबंधक अमित गुप्ता ने बताया कि पलामू, गढ़वा व लातेहार न्याय मंडल के न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता, पीपी, पुलिस अधिकारी, एलएडीसी के अधिवक्ता, कार्यपालक पदाधिकारी, लॉ कॉलेज के शिक्षक-विद्यार्थी व अन्य प्रबुद्ध जन इसमें भाग लेंगे।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने को लेकर तैयारी चल रही है। 10.30 बजे अतिथि का आगमन होगा। द्वीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का विधिवत उदघाटन न्यायमूर्तियों के द्वारा किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार/दिलीप

   

सम्बंधित खबर