वंचितों तक योजनाओं की पहुंच का सशक्त माध्यम संकल्प यात्रा : डॉ कीर्तिका अग्रवाल

प्रयागराज, 22 फरवरी (हि.स.)। केन्द्र सरकार द्वारा संचालित विकसित भारत संकल्प यात्रा प्रत्येक ग्राम पंचायत, नगर पंचायत तथा महानगर क्षेत्र में पहुंच रही है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा नगर निगम के सहयोग से विकसित भारत संकल्प यात्रा प्रथम सत्र में वात्सल्य चौराहे के पास तथा द्वितीय सत्र में शांतीपुरम् चौराहा फाफामऊ पहुंची। मुख्य अतिथि ने उपस्थित जनों को विकसित भारत की शपथ भी दिलायी।

प्रथम सत्र में मुख्य अतिथि डॉ कीर्तिका अग्रवाल ने सम्बोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजना की पहुंच को आसान बनाना है। आज विकसित भारत संकल्प यात्रा एक सशक्त माध्यम बनी है, जो अब तक सरकार की योजनाओं से नहीं जुड़ पाए थे, वे इस यात्रा से लाभान्वित होंगे।

द्वितीय सत्र में भाजपा महानगर अध्यक्ष राजेन्द्र मिश्र ने कहा कि जब मोदी की गारंटी वाली गाड़ी आपके क्षेत्र में पहुंचे तो उस क्षेत्र का हरेक व्यक्ति उस गाड़ी तक जरूर पहुंचे। उन्होंने कई योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि कार्यक्रम के दौरान लगाये गये स्टाल पर सभी लोग जाकर योजनाओं की जानकारी लेकर लाभ जरूर लें।

विकसित भारत संकल्प यात्रा के नोडल अधिकारी, भारत सरकार राम मूरत विश्वकर्मा ने बताया कि आज ऑनलाइन क्विज में कई लोगों ने प्रतिभाग किया। जिनमें से गणेश वर्मा तथा विनीता गुप्ता विजयी रहीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों को कैलेण्डर, बुकलेट तथा फ्लायर देकर योजनाओं की जानकारी दी गयी। उन्होंने बताया कि 23 फरवरी को प्रथम सत्र में अतरसुईया चौराहा तथा द्वितीय सत्र में प्रीतमनगर दुर्गा पूजा पार्क में विकसित भारत संकल्प यात्रा की वैन पहुंचेगी।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से डॉ. एल.एस. ओझा, सोनू पाठक पार्षद, अर्चना शुक्ला, डॉ. एम.एस राणा, सचिन जायसवाल, अनिल, गणेश वर्मा, आनन्द वैश्य सुदर्शन, ज्ञानेन्द्र गुप्ता, चन्द्रा अहलुवालिया, विनीता गुप्ता, वीना राय, माधवी चटर्जी, अक्षय मौर्या, विनय प्रजापति आदि प्रमुख लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त/पदुम नारायण

   

सम्बंधित खबर