भोपाल: भदभदा झुग्गी बस्ती में कार्रवाई जारी, मानवाधिकार आयोग जाएंगे पीसी शर्मा

भोपाल, 23 फ़रवरी (हि.स.)। भदभदा झुग्गी बस्ती पर प्रशासन का बुलडोजर एक्शन तीसरे दिन शुक्रवार को भी जारी है। आज 129 घरों को गिराया जाना है, जिसके लिए प्रशासन और नगर निगम की टीम ने सभी तैयारियां कर ली हैं। इधर, परीक्षाओं के दौरान प्रशासन की इस कार्रवाई के खिलाफ कांग्रेस नेता व पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने मानव अधिकार आयोग जाने की बात कही है।

भोपाल में होटल ताज के ठीक सामने भदभदा बस्ती में चल रही कार्रवाई के दौरान बीते दो दिनों में 139 घर हटा दिए गए हैं। आज तीसरे दिन शुक्रवार को 129 घर और गिराए जाने हैं। लोगों से सहमति लेकर उनके घरों को गिराया जा रहा है। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने 386 घरों को हटाने के आदेश दिए थे। कार्रवाई के दौरान कोई हंगामा न हो, इसके लिए पुलिस ने बस्ती से 1 किलोमीटर पहले बैरिकेडिंग कर रास्ता रोक रखा है। पुलिस के 500 जवान तैनात हैं। घरों को तोड़ने के लिए 10 जेसीबी लगाई गई हैं।

कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि कार्रवाई अभी दो दिन और चलेगी। बस्ती से अब 247 घर और हटाए जाएंगे। इनमें से 129 ने शुक्रवार को अपने घर खाली करने की सहमति दी है। कलेक्टर ने बताया कि सभी को मुआवजा दिया गया है। शिफ्टिंग के लिए निगम की गाड़ियां उपलब्ध कराई गई हैं। कुछ लोगों को चांदपुर बैरसिया इलाके में जमीन के पट्टे तो बाकी को एक लाख रुपये की मुआवजा राशि या प्रधानमंत्री आवास का ऑप्शन दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार/ केशव दुबे/मुकेश

   

सम्बंधित खबर