दुनिया भर में पेट्रोल-डीजल के दाम घटे भारत में बढ़ गये : दीपक बैज

रायपुर, 23 फ़रवरी (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने शुक्रवार को बयान जारी कर कहा कि दुनिया भर में पेट्रोल-डीजल के दाम घटे, भारत में बढ़ गये। बीते 19 महीना में अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल की कीमतों में 31 प्रतिशत से अधिक की कमी आई है। जून 2022 में जहां क्रूड ऑयल के दाम 116 डॉलर प्रति बैरल था, आज फरवरी 2024 में 75 डॉलर है प्रति बैरल लगभग 42 डॉलर की कमी हुई, लेकिन देश के भीतर किसान, मजदूर, युवा, व्यापारी, उद्योगपतियों को आज भी महंगे दरों पर पेट्रोल और डीजल खरीदना पड़ रहा है।

केंद्र सरकार और पेट्रोलियम कंपनियां मिलकर आम जनता की जेब से पेट्रोल डीजल के माध्यम से प्रति लीटर 30 रुपये से अधिक की कमाई कर रही है। बीते 10 वर्षों में केंद्र सरकार ने पेट्रोल डीजल से लगभग 32 लाख करोड़ रुपये की कमाई की है और पेट्रोलियम कंपनियों को मुनाफाखोरी में छूट देने से बीते 6 महीने में पेट्रोलियम कंपनियों ने लगभग 47000 करोड़ रुपये की कमाई की है और गरीब जनता महंगाई की मार के बोझ तले दबते जा रही है। क्रूड ऑयल के दाम कम हो गये केंद्र सरकार पेट्रोल, डीजल के दाम नहीं घटा रही है। पेट्रोल डीजल की महंगाई के लिए केंद्र सरकार और पेट्रोलियम कंपनियों के मुनाफाखोरी गठबंधन जिम्मेदार है। मोदी की गारंटी पेट्रोलियम कंपनियों की मुनाफा बढ़ाने की है और आम जनता पर महंगाई का बोझ बढ़ाना है।

हिन्दुस्थान समाचार/ चंद्रनारायण शुक्ल

   

सम्बंधित खबर