स्वतन्त्रता सैनानियों की गाथाओं को जोडा जायेगा विधानसभा म्यूजियम में:देवनानी

जयपुर, 23 फ़रवरी (हि.स.)। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा है कि राजस्थान विधानसभा का राजनीतिक आख्यान संग्रहालय राज्य के समृद इतिहास का ज्ञान कराता है। उन्होंने प्रदेशवासियों का आहवान किया है कि वे इस संग्रहालय को अवश्य देखें। देवनानी ने कहा कि देश, विदेश और राज्यों के विभिन्न भागों से जयपुर आने वाले पर्यटक और अध्ययन यात्रा पर आने वाले प्रदेश के विद्यालय, महाविद्यालय और विश्व विद्यालयों के छात्र-छात्राएं विधानसभा के संग्रहालय को अवश्य देखें। उन्होंने कहा कि संग्रहालय में स्वतन्त्रता आन्दोलन में राज्य की भूमिका, आधुनिक राजस्थान के निर्माण और राज्य के राजनैतिक परिदृश्य के विभिन्न पहलुओं को प्रदर्शित किया गया है।

जिला पर्यटन और शिक्षा अधिकारियों को भेजे जायेंगे पत्र

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने शुक्रवार को यहां विधानसभा में राजनैतिक आंख्यान संग्रहालय के संबंध में एक बैठक बुलाई। उन्होंने संग्रहालय में आने वाले दर्शकों और संग्रहालय से संबंधित विभिन्न जानकारिया ली। देवनानी ने इस महत्वपूर्ण संग्रहालय के अवलोकन के लिए पर्यटकों और दर्शकों को बढाये जाने की आवश्यकता जताई। उन्होंने निर्देश दिये कि राज्य के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और जिला पर्यटन अधिकारियों को पत्र लिखे जायें, ताकि पर्यटक और विद्यार्थी इस महत्वपूर्ण संग्रहालय को देखने के लिए आ सके।

स्वतन्त्रता सैनानियों की गाथाओं को भी जोडा जाएगा म्यूजियम में

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा है कि संग्रहालय में राज्य की संस्कृति और स्वतन्त्रता आन्दोलन से संबंधित महत्वपूर्ण ऐतिहासिक तथ्यों को राष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य के अनुरूप समावेशित किया जायेगा। उन्होंने कहा कि इससे लोगों को राज्य के समृद इतिहास की जानकारी मिल सकेगी। स्वतन्त्रता सैनानियों की गाथाओं को म्यूजियम में जोडे जाने के लिए भी देवनानी ने कहा।

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने बैठक में विधानसभा में एक नवीन गैलेरी के निर्माण पर चर्चा की। प्रस्तावित गैलेरी में स्वतन्त्रता आन्दोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले राजस्थान के स्वतन्त्रता सैनानियों के तैल चित्र लगाये जाने के बारे में विचार-विमर्श हुआ। इससे विधानसभा में आने वाले लोगों, छात्र-छात्राओं और शोधकर्ताओं को एक स्थान पर स्वतन्त्रता सैनानियों की गाथाओं की जानकारी मिल सकेगी।

राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने राजस्थान विधानसभा डिजिटल चैनल के लिए शुक्रवार को यहां विधानसभा में एक बैठक बुलाई। देवनानी ने राजस्थान विधानसभा के डिजिटल चैनल निर्माण के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

अध्यक्ष देवनानी ने बैठक में विधानसभा डिजिटल चैनल के लिए आवश्यक ढांचागत व्यवस्था, उपकरण, वैधानिक प्रक्रिया, सुरक्षात्मक माप दण्ड, तकनीकी व संपादकीय टीम और आवश्यक वित्तीय व्यवस्थाओं के प्रस्ताव तैयार किये जाने के लिए अधिकारियों और प्रसारण विशेषज्ञों से चर्चा की।

देवनानी ने निर्देश दिये कि सभी वैधानिक एवं वित्तीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए चैनल निर्माण के प्रस्ताव तैयार किये जाये। उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्तर पर चैनल की 12 से 14 घंटे तक प्रसारण की व्यवस्था को सुनिश्चित किये जाने के प्रस्तावों को अगली बैठक में प्रस्तुत किये जाये। संसद टीवी के साथ निजी टीवी और डिजिटल चैनल की ढांचागत, वित्तीय और प्रशासनिक व्यवस्था का अध्ययन किए जाने के लिए भी देवनानी ने निर्देश दिए।

राजस्थान विधानसभा देश की पहली विधानसभा होगी जिसका डिजिटल चैनल होगा। इस चैनल पर विधानसभा के सदन की कार्यवाही का सजीव प्रसारण के साथ-साथ राजस्थान विधानसभा और राज्य सरकार की गतिविधियों और योजनाओं का प्रसारण भी होगा। इसके साथ ही राजस्थान विधानसभा की गतिविधियों से परिचित कराने के लिए राज्य के स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए भी कार्यक्रम प्रसारित किये जायेंगे। राज्य के राजनैतिक व ऐतिहासिक ज्ञान और संविधान से संबंधित कार्यक्रमों का प्रसारण भी इस डिजिटल चैनल पर किया जायेगा। बैठक में विधानसभा के प्रमुख सचिव महावीर प्रसाद शर्मा, सम्पादक (वाद-विवाद) अरुण कुमार त्रिपाठी सहित प्रसारण से जुड़े विशेषज्ञ मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार/ दिनेश सैनी/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर