विधानसभा अध्यक्ष ने मार्शल आर्ट प्रतियोगिता का किया उद्घाटन, बोलीं- ये आज के समय में जरूरी है

देहरादून, 24 फरवरी (हि.स.)। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने शनिवार को राष्ट्रीय जु-जित्सु एसोसिएशन आफ इंडिया की ओर से आयोजित मार्शल आर्ट प्रतियोगिता का उद्घाटन दीप प्रज्जवलित कर किया। इसमें देश के 28 राज्यों के 1100 मार्शल आर्ट खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया है, जो शानदार प्रदर्शन करेंगे।

विधानसभा अध्यक्ष खंडूड़ी ने कहा कि जु-जित्सु मार्शल आर्ट की ट्रेनिंग जीवन में सभी को लेना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि शरीर स्वस्थ रहने के साथ आत्मरक्षा के लिए यह आर्ट आज के समय में अतिआवश्यक है। प्रशिक्षण से हम बारीकियों को समझते हैं। हमारे शरीर में ही मारक अंक व मर्म स्थल रहते हैं। मार्शल आर्ट की सबसे बड़ी विशेषता है कि इससे हम समाज के साथ खुद की रक्षा कर सकते हैं। जु-जित्सु जापानी मार्शल आर्ट का एक परिवार है और निकट युद्ध (निहत्थे व एक मामूली हथियार के साथ) की एक प्रणाली है। कार्यक्रम में जु-जित्सु एसोसिएशन आफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय कुमार, महासचिव अमित अरोड़ा, कार्यकारी निदेशक सतीश जोशी, क्रीड़ा भारती के प्रदेश अध्यक्ष अरुण कुमार शूद, महामंत्री भारत चौहान आदि थे।

ओलंपिक खेलों में भी प्रतिभाग करेगा जि-जित्सु मार्शल आर्ट-

खंडूड़ी ने कहा कि जु-जित्सु मार्शल आर्ट को ओलंपिक खेलों में भी प्रतिभाग करने का अवसर मिला है। वर्ष 2023 में चीन में हुए ओलंपिक खेलों में जु-जित्सु एसोसिएशन आफ इंडिया की ओर से 11 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया था।

उत्तराखंड को राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी की जिम्मेदारी गौरव की बात -

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि पहली बार देवभूमि उत्तराखंड राष्ट्रीय खेल 2024 की मेजबानी करने जा रहा है। राष्ट्रीय खेल इसी वर्ष अक्टूबर-नवम्बर माह में प्रस्तावित है। इसके लिए युद्धस्तर पर तैयारी की जा रही है। राष्ट्रीय खेलों का आयोजन प्रदेश के लिए गौरव की बात है। लंबे समय से उत्तराखंड राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी के लिए प्रयासरत था।

हिन्दुस्थान समाचार/कमलेश्वर शरण/रामानुज

   

सम्बंधित खबर