संदेशखाली घटना के विरोध में भाजपा ने किया एनजेपी थाने का घेराव

सिलीगुड़ी, 24 फरवरी (हि.स.)। भाजपा महिला मोर्चा ने संदेशखाली घटना के विरोध में शनिवार को एनजेपी थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया, जिससे तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। डाबग्राम-फुलबाड़ी की भाजपा विधायक शिखा चट्टोपाध्याय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने थाने का घेराव किया। भाजपा समर्थकों ने एनजेपी थाना संलग्न रेलवे इंस्टीट्यूट मैदान से संदेशखाली घटना के विरोध में एक रैली निकाली। जिसमें सैकड़ों की संख्या में महिला मोर्चा की कार्यकर्ता और समर्थक शामिलनहुए। रैली जैसे ही एनजेपी थाने के सामने पहुंची, पुलिस ने रोक दिया। इस दौरान पुलिस और भाजपा कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। बाद में भाजपा नेता और कार्यकर्ता विरोध में थाने के सामने बैठ गए।

थाने के सामने कुछ देर तक चले भाजपा महिला मोर्चा के प्रदर्शन के बाद भाजपा विधायक शिखा चट्टोपाध्याय के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल एनजेपी थाने के प्रभारी निर्मल कुमार दास से मुलाकात कर एक ज्ञापन सौंपा।

हिन्दुस्थान समाचार /सचिन

   

सम्बंधित खबर