शेख शाहजहां की गिरफ्तारी की विरोध में रिषड़ा में पथावरोध

शेख शाहजहां की गिरफ्तारी की विरोध में रिषड़ा में पथ अवरोधशेख शाहजहां की गिरफ्तारी की विरोध में रिषड़ा में पथ अवरोध

हुगली, 25 फरवरी (हि.स.)। संदेशखाली कांड के मुख्य आरोपित शेख शाहजहां की गिरफ्तारी की मांग को लेकर रविवार सुबह भारतीय जनता पार्टी के श्रीरामपुर (चार) मंडल के युवा मोर्चा की ओर से रिषड़ा के संध्या बाजार में जी टी रोड पर पथावरोध कर विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई और जीटी रोड से होकर आवागमन करने वाले लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। भाजपा के पथावरोध की खबर सुनकर मौके पर पहुंची रिषड़ा थाने की पुलिस ने जीटी रोड अवरोध कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं को सड़क से हटाया और यातायात को सामान्य किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ तीखी बहस हो गई।

भाजपा के इस पथावरोध में रिषड़ा नगर पालिका के वार्ड नंबर 11 की पार्षद शशि सिंह झा, वार्ड नंबर 10 के पार्षद मनोज सिंह, भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता हरि मिश्रा, श्रीरामपुर मंडल (चार) युवा मोर्चा के अध्यक्ष संतोष मंडल सहित बड़ी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता मौजूद थे। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य की तृणमूल सरकार और पुलिस के खिलाफ जम के नारेबाजी की। इस दौरान श्रीरामपुर के सांसद कल्याण बनर्जी को भी ''गुंडा'' और ''माफिया'' कहते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं को नारे लगाते हुए सुना गया। हिन्दुस्थान समाचार /धनंजय /गंगा

   

सम्बंधित खबर