विदिशाः कन्या महाविद्यालय में दो दिवसीय राष्ट्रीय विज्ञान पर्व आज से

विदिशा, 27 फरवरी (हि.स.)। राजमाता विजयाराजे सिंधिया शासकीय कन्या (अग्रणी) स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आज (मंगलवार) से दो दिवसीय राष्ट्रीय विज्ञान दिवस का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर महाविद्यालय द्वारा विशेष व्याख्यान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, माडल प्रदर्शनी, वाल पेंटिंग प्रतियोगिता, पॉवर प्वाइंट प्रस्तुति प्रतियोगिता जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें महाविद्यालय की छात्राएं सहभागिता करेंगी।

महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. नीता पांडेय ने बताया कि इस दो दिवसीय राष्ट्रीय विज्ञान पर्व चंद्रशेखर वेंकट रमन द्वारा रमन इफेक्ट की खोज के उपलक्ष्य में एनसीएसटीसी, डीएसटी भारत सरकार एवं एमपीसीएसटी भोपाल के तत्वावधान में डॉ. विनीता प्रजापति के संयोजन में किया जा रहा है। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस 2024 का विषय विकसित भारत के लिए स्वदेशी तकनीकी है।

उन्होंने बताया कि विगत दस दिनों से महाविद्यालय में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अनुसंधान के लिए वैज्ञानिक उपलब्धियों तथा वैज्ञानिक अनुसंधानों के प्रकाशन पर चर्चा द्वारा विज्ञानमय वातावरण तैयार किया गया। इस आयोजन को सफल बनाने के लिए प्राचार्य के मार्गदर्शन में विज्ञान संकाय के सभी स्टाफ ने रूपरेखा तैयार कर छात्राओं से उत्कृष्ट योगदान के लिए आग्रह किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश/नेहा

   

सम्बंधित खबर