निर्माणाधीन फ्लाईओवर का बीम गिरा, एक की मौत

कामरूप (असम), 28 फरवरी (हि.स.)। कामरूप (ग्रामीण) जिला के बाईहाटा चाराली इलाके में बुधवार सुबह लगभग 9.30 बजे के आसपास निर्माणाधीन फ्लाईओवर की बीम गिरने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गयी। इस घटना को लेकर इलाके में भारी तनाव उत्पन्न हो गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित की। वहीं हादसे की भयावहता को देखते हुए राहत एवं बचाव कार्य के लिए प्रथम बटालियन एनडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया है।

हादसे में फुलसन अली नामक व्यक्ति की मौत हो गयी। मृतक मूल रूप से तामुलपुर जिला के खंदीकर गांव का निवासी बादाम का व्यापारी बताया गया है। घटना के बाद स्थानीय लोग सड़क अवरुद्ध कर अपनी नाराजगी व्यक्त करने लगे। फ्लाईओवर का निर्माण निर्ल इंफ्रा प्रा.लि. नामक कंपनी कर रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य में लापरवाही बरते जाने के चलते यह हादसा हुआ है। पुलिस नाराज लोगों को समझाकर रास्ता खुलावाने की कोशिश कर रही है। हादसे में और लोग घायल हुए हैं, लेकिन पुख्ता तौर पर उनके बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

हिन्दुस्थान समाचार/ प्रकाश/अरविंद/सुनील

   

सम्बंधित खबर