सीनियर सैकण्डरी परीक्षा गुरुवार से, तैयारियां पूरी

अजमेर, 28 फरवरी(हि.स)। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की सीनियर सैकण्डरी परीक्षाएं गुरुवार 29 फरवरी से शुरू हो जाएंगी। बोर्ड ने परीक्षा की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। बोर्ड ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से परीक्षा की पवित्रता बनाए रखने एवं अनुचित साधनों के उपयोग से बचने की अपील की हैं।

बोर्ड प्रशासन एवं संभागीय आयुक्त महेश चन्द्र शर्मा ने बताया कि राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की सीनियर सैकण्डरी की परीक्षा गुरुवार से शुरू होगी। परीक्षा के लिए राज्य में 6144 केन्द्र बनाए गए हैं। परीक्षा में कुल 19 लाख 39 हजार 645 परीक्षार्थी भाग लेंगे। इनमें सीनियर सैकण्डरी के 8 लाख 66 हजार 270, सैकण्डरी के 10 लाख 62 हजार 341, वरिष्ठ उपाध्याय के 3671 एवं प्रवेशिका के 7063 विद्यार्थी शामिल हैं। सीनियर सैकण्डरी परीक्षाएं 29 फरवरी से 4 अप्रैल तक चलेंगी। सैकण्डरी परीक्षा 7 मार्च से 30 मार्च तक आयोजित की जाएंगी। सभी परीक्षाएं प्रातः 8.30 से 11.45 बजे तक होंगी।

बोर्ड सचिव मेघना चौधरी ने कहा कि उड़नदस्ते भी परीक्षा पर नजर रखेंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि उड़नदस्ते जिले के अन्दरूनी और दूरदराज के हिस्सों में स्थित परीक्षा केन्द्रों का विशेष रूप से निरीक्षण करे। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील परीक्षा केन्द्रों का सघन और सतत् निरीक्षण किया जाए। राजस्थान बोर्ड की परीक्षाओं की दशकों से राष्ट्रव्यापी विश्वसनीयता है। यह ख्याति बरकरार रहे। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान छुट्टियों एवं होली अवकाश को दृष्टिगत रखते हुए प्रश्न पत्रों की सुरक्षा के संबंध में विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। एकल और नोडल परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा की विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

हिन्दुस्थान समाचार/संतोष/संदीप

   

सम्बंधित खबर