अंतराष्ट्रीय संग्रहालय दिवस: देशी-विदेशी पर्यटकों का माला पहना और तिलक लगाकर किया स्वागत

International Museum Day: Domestic and foreign tourists welcomed with Rajasthani tradition by garlanding and applying tilak.

जयपुर, 18 मई (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय दिवस के अवसर पर शनिवार को राजधानी जयपुर सहित प्रदेश के सभी सभी पर्यटक स्थल और म्यूजियम में सभी पर्यटकों का प्रवेश निशुल्क रहा। जहां सभी देशी-विदेशी पर्यटको का माला पहनाकर तिलक लगाकर राजस्थानी परंपरा से स्वागत भी किया गया। इसके अलावा प्रमुख पर्यटक स्थलों पर राजस्थानी लोक कलाकारों की ओ रसे विशेष प्रस्तुति भी दी गई। इस दौरान जयपुर के सभी पर्यटक स्थल और म्यूजियम में देशी-विदेशी पर्यटकों की काफी भी रही है और कच्छी-घोड़ी नृत्य में नाचते-कूदते नजर आए।

राजधानी जयपुर के आमेर महल, हवामहल, अल्बर्ट हॉल, जंतर-मंतर, नाहरगढ़ फोर्ट में पर्यटकों का निशुल्क प्रवेश रहा। इसके साथ सुबह से ही पर्यटकों का स्वागत-सत्कार किया गया। अल्बर्ट हॉल म्यूजियम में ‘क्रूसेडर्स फॉर कल्चर’ विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। साथ ही जंतर-मंतर में ज्योतिषविदों की ओर से जंतर-मंतर के यंत्रों के बारे में जानकारी दी गई और आकाश दर्शन कराया गया।

आमेर महल प्रशासन की ओर से पर्यटकों का स्वागत

आमेर महल अधीक्षक राकेश छोलक ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय दिवस के अवसर पर आमेर महल पर्यटकों के लिए पूरी तरह फ्री रहा। इस दौरान महल प्रशासन की ओर से पर्यटकों का तिलक लगाकर और माला पहनाकर पारंपरिक रूप से स्वागत किया। इसके साथ ही आमेर महल में पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग और बुनकर सेवा केंद्र जयपुर ने एक प्रदर्शनी का आयोजन किया है। इसमें जूट, बांस, रेमी, ऑप्टिकल फाइबर, रिसाइकिल प्लास्टिक से बने बैग, पॉट, फोल्डर, झूमर, फर्नीचर जैसी कुर्सी, मेज, बेड, अन्य उत्पादों को प्रदर्शित किया किया। इस प्रदर्शनी का उद्देश्य हथकरघा उत्पादों को आगे बढ़ाना है। यह प्रदर्शनी 24 मई तक पर्यटकों के लिए खुली रहेगी।

हवामहल पर पर्यटकों के लिए कच्छी-घोड़ी नृत्य की विशेष प्रस्तुति

हवा महल अधीक्षक सरोज चंचलानी ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय दिवस के मौके पर प्रवेश गेट पर पर्यटकों के लिए रंगोली बनाई गई। इसके साथ ही पर्यटकों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। इसके अलावा यहां लोक कलाकार लोकगीतों की प्रस्तुति दी गई। वहीं पर्यटकों के लिए कच्छी-घोड़ी नृत्य की विशेष प्रस्तुति हुई। इस दौरान पर्यटकों को धरोहर की स्वच्छता और सुरक्षा के लिए जागरूक किया जाएगा।

जंतर मंतर पर हुए आकाश दर्शन

जंतर मंतर में पर्यटकों को फ्री एंट्री दी गई। इस दौरान जंतर-मंतर में ज्योतिषविदों की ओर से जंतर-मंतर के यंत्रों के बारे में जानकारी दी गई और फिर आकाश दर्शन कराए गए।

अल्बर्ट हॉल में क्रूसेडर्स फॉर कल्चर’ विशेष कार्यक्रम

पुरातत्व और संग्रहालय विभाग, कला एवं संस्कृति विभाग, द्रोण फाउंडेशन और जयपुर विरासत फाउंडेशन के सहयोग से जयपुर के अल्बर्ट हॉल म्यूजियम में ‘क्रूसेडर्स फॉर कल्चर’ विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें राजस्थानी लोक कलाकारों की परफॉर्मेंस के साथ ही पर्यटन के महत्व को समझाया गया।

नाहरगढ़ महल में अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय दिवस पर पर्यटकों को फ्री एंट्री दी गई। इस दौरान लोक कलाकार नाहरगढ़ में परफॉर्मेंस देकर पर्यटकों को शुभकामनाएं दी।

हिन्दुस्थान समाचार/ दिनेश/संदीप

   

सम्बंधित खबर