मथुरा में भक्तों ने ठाकुर राधा रमण लाल से खेली होली

मथुरा,28 फरवरी (हि.स.)। रंगों का त्योहार होली पर्व को आने में अभी कुछ दिन शेष हैं। लेकिन मथुरा जनपद में यह पर्व धूमधाम से मनाया जाने लगा है। राधावल्लभ मंदिर में इन दिनों दिल्ली समेत राज्यों से आये भक्त जमकर अपने आराध्य संग होली खेल रहे हैं। बुधवार को ठाकुरजी की प्रसादी गुलाल जमकर उड़ाया गया। गुलाल लगने से भक्त खुद को धन्य समझ रहे हैं। इन दिनों में मथुरा-वृंदावन में चंहुओर में होली की रंगत है।

बसंत पंचमी से मथुरा-वृंदावन में होली का उत्सव शुरू हो गया है। इस 40 दिवसीय उत्सव में शामिल होने के लिए देश ही नहीं दुनियाभर से श्रद्धालु जनपद पहुंच रहे हैं। भक्त अपने आराध्य संग होली खेलकर खुद को सौभाग्यशाली मान रहे हैं।

बुधवार को राधावल्लभ मंदिर में सुबह आरती के पश्चात गोस्वामी ने ठाकुर जी का प्रसादी गुलाल भक्तों पर बरसाया। सुदूर क्षेत्रों से आए श्रद्धालु प्रसादी गुलाल पाकर आराध्य का धन्यवाद कर रहे हैं। इस दौरान जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा। महिला श्रद्धालुओं ने ब्रज की अनूठी होली का पूरा आनंद लिया। होली के गीतों पर जमकर झूमीं। इसी प्रकार वृंदावन के ठाकुर राधा रमण मंदिर में भी ठाकुर राधा रमण लाल का प्रसादी गुलाल भक्तों पर आरती के दौरान बरसाया गया। इसके अलावा श्रीद्वारकाधीश मंदिर में भी राजभोग के दर्शन के दौरान होली उत्सव मनाया गया। इस दौरान होली गीतों पर महिला, युवतियों ने नृत्य किया। वहीं पुरुष श्रद्धालुओं ने गीतों का गायन किया।

हिन्दुस्थान समाचार/महेश/दीपक/मोहित

   

सम्बंधित खबर