जनसंख्या नियंत्रण की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन

मेरठ, 13 मार्च (हि.स.)। देश में जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाने की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बुधवार को कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि देश की सभी समस्याओं का हल करने के लिए जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाकर सख्ती से लागू करना चाहिए।

सुरभि परिवार फाउंडेशन के निदेशक दिनेश तलवार के नेतृत्व में बुधवार को सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि सरकारी आंकड़ों के अनुसार, लगभग 36 करोड़ लोग गरीबी रेखा में जीवन यापन कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या जनसंख्या वृद्धि को रोके बिना देश की गरीबी को दूर किया जा सकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी कार्यालय में सौंपा और जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाने की मांग की। उन्होंने नुक्कड़ नाटक के द्वारा बढ़ती जनसंख्या के विनाशकारी परिणामों के बारे में बताया। भारत में आज जितनी भी समस्या है, उनके मूल में जनसंख्या वृद्धि कारण है। लेकिन अभी तक इस ओर ध्यान नहीं दिया गया है। आबादी जिस रफ्तार से बढ़ रही है, उससे जल्द ही हमारा स्थान विश्व में नंबर एक हो गया है। उन्होंने कहा कि एक बच्चे वाले पति-पत्नी को जिला स्तर पर सम्मानित किया जाए। टीवी चैनल द्वारा जनसंख्या वृद्धि के दुष्परिणामों को बताना चाहिए। दो से अधिक बच्चे वाले दंपति के चुनाव लड़ने पर प्रतिबंध लगाया जाए। चीन द्वारा अपनाई गई नीति पर विचार करें। जनसंख्या नियंत्रण का संदेश फिल्मी कलाकारों, क्रिकेटर्स द्वारा दिलाया जाए।

हिन्दुस्थान समाचार/ डॉ. कुलदीप/सियाराम

   

सम्बंधित खबर