भाजपा नेता धर्मेन्द्र सिंह के निर्विरोध एमएलसी चुने जाने पर पत्रकारों ने दी बधाई

वाराणसी, 14 मार्च (हि.स.)। पत्रकार और भाजपा नेता धर्मेन्द्र सिंह गुरुवार को निर्विरोध एमएलसी चुने गए। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के 13 सीटों के लिए हुए चुनाव में नाम वापसी के बाद सभी 13 प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित घोषित हुए। निर्वाचित एमएलसी में भाजपा के डॉ महेंद्र सिंह, विजय बहादुर पाठक, अशोक कटारिया, मोहित बेनीवाल, संतोष सिंह, धर्मेंद्र सिंह और रामतीरथ सिंघल है। धर्मेन्द्र सिंह के निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद वाराणसी के भाजपा नेताओं के साथ पत्रकारों ने भी उन्हें बधाई दी। गृह जनपद चंदौली से भी बधाई देने का तांता लगा रहा। उनके पत्रकारपुरम गिलट बाजार स्थित आवास और पैतृक गांव में परिजनों को बधाई देने के लिए लोग जुटे रहे।

चंदौली जिले के सैयदराजा बगही के मूल निवासी धर्मेन्द्र सिंह चार भाईयों में सबसे छोटे हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा नेशनल इंटर कॉलेज सैयदराजा से हुई। इसके बाद उन्होंने महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में अध्ययन किया। इसके बाद चंदौली से ही पत्रकारिता की शुरुआत की। प्रिंट मीडिया में अपनी मजबूत पहचान बनाने के बाद राजनीति जीवन की शुरुआत कांग्रेस से की। इसके बाद धर्मेन्द्र सिंह भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। वर्तमान में धर्मेन्द्र सिंह भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया सह प्रभारी के पद पर हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और वाराणसी पर पुस्तक भी लिखी है। अच्छे वक्ता के रूप में पहचान बनाने वाले धर्मेन्द्र सिंह पर पार्टी संगठन ने भरोसा जताया और उन्हें विधान परिषद का प्रत्याशी बनाया। माना जा रहा है कि एमएलसी धर्मेन्द्र सिंह लोकसभा चुनाव में भूमिहारों के अलावा अगड़ी जाति के वोटों को भाजपा के पाले में लाने के लिए पार्टी पदाधिकारियों के साथ मिलकर कार्य करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर/आकाश

   

सम्बंधित खबर