ईंट भट्ठे की दीवार ढही, एक महिला समेत 3 मजदूरों की मौत

धुबड़ी (असम), 15 मार्च (हि.स.)। धुबड़ी जिलांतर्गत बिलासीपारा और कोकराझार जिला के सीमावर्ती गांव मालगांव कैमारी में दिल दहला देने वाली घटना हुई है। यह भयावह घटना सकल नामक ईंट भट्ठे में हुई है। ईंट भट्ठे की दीवार ढहने से एक महिला समेत तीन मजदूरों की मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने आज बताया है कि मृतक महिला की पहचान हसीना बीबी, एक अन्य सुरमान अली और एक अन्य के रूप में हुई है। एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। ये सभी ईंट भट्ठा में मजदूर के रूप में कार्यरत थे।

ईंट भट्ठे की चिमनी की दीवार अचानक काम करने के दौरान मजदूरों के ऊपर गिर गयी। जिसके चलते कई मजदूर दीवार के मलवे में दब गये। इस घटना के बाद ईंट भट्ठे में हंगामा मच गया।

सूचना मिलते ही जेसीबी की मदद से मजदूरों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने एक महिला समेत तीन श्रमिकों को मृत घोषित कर दिया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि यह दुर्घटना कथित तौर पर ईंट उद्योग के मालिक जमीउल अख्तर अली उर्फ रोसो की लापरवाही के कारण हुई है।

सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है। उधर, ईंट भट्ठा मालिक घटना के बाद से फरार बताया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार/ प्रकाश/श्रीप्रकाश/अरविंद

   

सम्बंधित खबर