कांग्रेस ने इलेक्टोरल बांड को बताया सबसे बड़ा घोटाला, भाजपा बोली- दुष्प्रचार कर रही कांग्रेस

- सिलक्यारा घटना को लेकर भाजपा पर लगाया बड़ा आरोप

देहरादून, 15 मार्च (हि.स.)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य व उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने भाजपा पर सिलक्यारा घटना को लेकर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जिस सिलक्यारा टनल हादसे ने देश-प्रदेश को झकझोर रख दिया था, उस टनल को बनाने वाली नवयुग कंपनी ने इलेक्टोरल बांड के जरिए चार सौ करोड़ का चंदा भारतीय जनता पार्टी को दिया था। इसकी एवज में सिलक्यारा टनल का एस्केप पैसेज ही नहीं बनाया गया। एस्केप पैसेज न बनाना अपराध था, जिसका सरकार ने संज्ञान अब तक नहीं लिया। कांग्रेस के आरोपों का भाजपा ने पलटवार किया है।

कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत ने शुक्रवार को अपने कैंप कार्यालय पर मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि इलेक्टोरल बांड आजाद भारत का अब तक का सबसे बड़ा घोटाला है और चंदे के इस धंधे की मास्टर माइंड भाजपा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने पुलवामा आतंकी हमला के बाद एक पाकिस्तानी पावर कंपनी से इलेक्ट्राल बांड के माध्यम से चंदा लिया है। उन्होंने बताया कि भाजपा को एक करोड़ वाले साढ़े पांच हजार इलेक्टोरल बांड मिले और 10 लाख वाले इलेक्टोरल बांड भी अधिकांश भाजपा को ही प्राप्त हुए। जुआ, सट्टा व लाॅटरी का काम करने वाली एक कंपनी ने ही एक हजार करोड़ रुपये के इलेक्टोरल बांड भाजपा को दिए।

भाजपा का पलटवार, कांग्रेस के हर सवाल का जनता वोट से देगी जवाब

भाजपा ने इलेक्टोरल बांड को लेकर कांग्रेस के आरोपों को राजनैतिक दुर्भावना से प्रेरित बताया। प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि भाजपा इलेक्टोरल बांड को चुनाव में पारदर्शिता के लिए लायी है। बांड का लक्ष्य चुनाव में काले धन और अनुचित साधनों पर अंकुश लगाना है। बांड के जरिए राजनैतिक दलों को दिए धन को सार्वजनिक करने के सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पार्टी ने स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बांड के बहाने भाजपा के विरुद्ध दुष्प्रचार कर रही है। सिलक्यारा टनल हादसा पर कांग्रेस को मजदूरों के जीवन की चिंता के बजाय राजनीति की अधिक फिक्र रही। जनता विपक्ष को हर सवाल का जवाब वोट से देगी।

हिन्दुस्थान समाचार/कमलेश्वर शरण/सुनील

   

सम्बंधित खबर