कर्मी कल्चर समाप्त कर सरकारी कर्मचारियों को सम्मान दे रही सरकार: भगवानदास सबनानी

भोपाल, 15 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी की मध्यप्रदेश सरकार अधिकारी-कर्मचारियां के कल्याण व हितों के लिए प्रतिबद्ध है। भाजपा सरकार ने प्रदेश के 7 लाख से अधिक सरकारी अधिकारी-कर्मचारियों को 4 प्रतिशत महंगाई भत्ता बढ़ाकर होली के त्योहार पर तोहफा दिया है। बढ़ा हुआ 4 प्रतिशत महंगाई भत्ता प्रदेश सरकार के सात लाख से अधिक कर्मचारियों को 1 जुलाई 2023 से मिलेगा। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी ने मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा सरकारी अधिकारी-कर्मचारियों का 4 प्रतिशत महंगाई भत्ता बढ़ाने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त करते हुए कही।

भगवानदास सबनानी ने कहा कि अब प्रदेश सरकार के अधिकारी कर्मचारियों को सातवें वेतनमान के अंतर्गत 42 प्रतिशत के स्थान पर 46 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा। इस तोहफे के लिए मैं प्रदेश सरकार के सभी अधिकारी-कर्मचारियों को बधाई प्रेषित करता हूं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन की सरकार कर्मचारी हितैषी सरकार है। कर्मचारियों के कल्याण और हितों का भाजपा सरकार हमेशा से ध्यान रखती आ रही है।

कर्मचारियों को सम्मान देने का कार्य किया

भगवानदास सबनानी ने कहा कि भाजपा सरकार लगातार सरकारी पदों पर भर्तियां कर रही है। हाल ही में आठ हजार से अधिक पटवारियों को नियुक्ति पत्र मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा सौंपे गए हैं। बीते एक साल में हजारों रिक्त सरकारी पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू की गई है। 30 हजार से अधिक पदों पर नियुक्तियां भी की जा चुकी हैं। कांग्रेस के शासनकाल में मिस्टर बंटाढार 500 प्रतिमाह के मानदेय पर शिक्षकों (गुरूजी) की नियुक्त कर रहे थे। भाजपा सरकार कर्मचारियों को सम्मान देते हुए नियमित वेतनमान पर नियुक्ति कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा/मुकेश

   

सम्बंधित खबर