हर मतदाता से संपर्क कर प्रत्येक बूथ पर 370 वोट बढ़ाना है: सतीश उपाध्याय

मंदसौर, 16 मार्च (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार लगातार देश का विकास कर रही है। प्रधानमंत्री के दस वर्ष के कार्यकाल में अनेकों ऐसी उपलब्धियां हैं, जिन्हें जनता तक हमें पहुंचाना है। प्रधानमंत्री के दस वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियां जनता तक पहुंचाने के लिए घर-घर संपर्क करने के साथ सोशल मीडिया का सहारा भी लेना चाहिए। एक-एक मतदाता से संपर्क कर हर बूथ पर 370 वोट बढ़ाने के लक्ष्य को भी प्राप्त करना है। बूथ विजय अभियान चल रहा है, उसके बाद भी भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव, घर-घर संपर्क कर भाजपा सरकार की उपलब्धियां जनता को बताकर नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए वोट देने का आह्वान करें। यह बात लोकसभा चुनाव के सह प्रभारी सतीश उपाध्याय ने शनिवार को मंदसौर में मंदसौर लोकसभा क्षेत्र प्रबंधन व संचालन समिति की बैठक को संबोधित करते हुए कही। उपाध्याय ने मंडल, कोर कमेटी की बैठक भी ली।

लोकसभा चुनाव के प्रदेश सह प्रभारी सतीश उपाध्याय ने लोकसभा चुनाव प्रबंधन समिति के विविध आयामों से जुड़े दायित्ववान कार्यकतार्ओं से चर्चा कर लोकसभा चुनाव में ऐतिहासिक बहुमत से पार्टी को जिताने के लिए कार्य करने का आह्वान किया। प्रबंधन समिति के कुल 30 विविध आयामों से जुड़े दायित्ववान कार्यकतार्ओं से विस्तृत चर्चा करते हुए प्रचार प्रसार, बूथ प्रबंधन, बूथ विजय संकल्प अभियान, 370 मत वृद्धि का लक्ष्य निर्धारण, सोशल मीडिया, मीडिया प्रबंधन, वाहन व्यवस्था, प्रवासी कार्यकर्ता सम्बन्धी व्यवस्था, विभिन्न समाजों की बैठकें, लाभार्थी वर्ग के मतदाताओं से सम्पर्क, चुनाव कार्यालय प्रबंधन, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति वर्ग से सम्पर्क, महिलाओं की बैठकें आयोजित कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा महिला सशक्तिकरण के लिये किये गये कार्यो से अवगत कराने, श्री राम मंदिर निर्माण, कश्मीर से धारा 370 की समाप्ति, चन्द्रयान की सफलता, अर्थ व्यवस्था में सुधार सहित कई विषयों पर विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान करते हुए बूथ स्तर पर एक एक मतदाता तक पंहुचने का आव्हान किया। उपाध्याय ने बूथ प्रबंधन, बूथ विजय अभियान, हर बूथ पर 370 वोट बढ़ाने के लिए घर- घर संपर्क करने और केंद्र व मध्यप्रदेश सरकार के कल्याणकारी कार्यों को जनता तक पहुंचाने के संबंध में चर्चा की।

हिन्दुस्थान समाचार/अशोक झलौया

   

सम्बंधित खबर