जोरहाट से रावण का अहंकार नहीं, सच्चे राम भक्त जीतेंगे: गौरव गोगोई

शिवसागर (असम), 19 मार्च (हि.स.)। कांग्रेस सांसद तथा जोरहाट सीट से कांग्रेस प्रत्याशी गौरव गोगोई ने कहा है कि इस बार जोरहाट सीट पर रावण का अहंकार नहीं जीतेगा। गौरव सच्चे राम भक्त हैं और वही चुनाव जीतेंगे। गौरव गोगोई यहां मीडिया से बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री काल्पनिक बातें करने में माहिर हैं। उन्हें एक पॉलिटिकल थ्रिलर बनाना चाहिए। उसका निर्माता, निर्देशक और अभिनेता भी उन्हें स्वयं बन जाना चाहिए, क्योंकि उनके पास पैसे की कोई कमी नहीं है।

एक प्रश्न के उत्तर में गौरव गोगोई ने कहा कि इस चुनाव में न सिर्फ जोरहाट से वे स्वयं, बल्कि सभी सीटों पर कांग्रेस के उम्मीदवार भारी मतों से जीतेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासन से परेशान लोग जिस प्रकार उनके साथ सड़कों पर निकल आए हैं, उससे यह जाहिर होता है कि लोग कांग्रेस को वोट देंगे।

उन्होंने कहा कि ऊपरी असम से कांग्रेस के कई दिग्गज नेता रहे हैं। इस दौरान उन्होंने दिवंगत प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अंजन दत्त, विजय कृष्ण हैंडिक, हितेश्वर सैकिया समेत कई बड़े नेताओं के नाम लिए।

एक अन्य प्रश्न पर उन्होंने कहा कि जय-पराजय राजनीतिक दल नहीं, बल्कि जनता निर्धारित करती है और जनता इस चुनाव में कांग्रेस को निश्चित ही चुनेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश/अरविंद

   

सम्बंधित खबर