सैकड़ों महिलाओं ने थामा भाजपा का दामन, माइक्रो डोनेशन का हुआ शुभारम्भ

-भारत की नारी शक्ति कांग्रेस को देगी मुंहतोड़ जवाब : राजेंद्र मिश्र

प्रयागराज, 19 मार्च (हि.स.)। सिविल लाइन स्थित भाजपा कार्यालय में मंगलवार को महानगर अध्यक्ष राजेंद्र मिश्र के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाओं ने भाजपा का दामन थामा। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष ने माइक्रो डोनेशन की शुरुआत भी की और शामिल हुई मातृ शक्तियों को भाजपा में आने का स्वागत किया।

महानगर अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक ऐसी पार्टी है जहां पर महिलाओं का सम्मान सुरक्षित है और उन्हें हर प्लेटफार्म पर आगे बढ़ाने का काम करती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश के नए संसद का उद्घाटन नारी शक्ति वंदन अधिनियम से किया गया और देश की 33 फ़ीसदी महिलाओं को राजनैतिक अधिकार देकर उनके अधिकार और सम्मान बढ़ाने का काम किया है। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शक्ति शब्द को जिस प्रकार से अपमानित किया है, देश की नारी शक्ति आने वाली लोकसभा के चुनाव में उसे मुंहतोड़ जवाब देगी।

इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष ने माइक्रो डोनेशन के तहत 1000 रू. पार्टी को डोनेशन दिया और कहा कि यह अभियान 6 अप्रैल तक चलाया जाएगा। जिसमें 20 से लेकर 2000 रुपए तक का डोनेशन किया जाएगा। इलाहाबाद लोकसभा से 10000 एवं फूलपुर लोकसभा क्षेत्र से 10000 लोगों को माइक्रो डोनेशन करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया।

मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने बताया कि शामिल होने वाली महिलाओं में प्रमुख रूप से रेनू यादव, चंदा देवी, गुड्डी देवी, प्यारी देवी, उषा देवी, इसके अलावा बेगम बाजार गंगा पट्टी से रमाकांत यादव, वासुदेव कोरी, शीतला प्रसाद गौतम रामदुलारे एवं सैकड़ों महिलाएं मौजूद रही। इस दौरान संजय गुप्ता, राजेश केसरवानी, प्रशांत शुक्ला, शिखा रस्तोगी, वंदना सिंह, सरोज गुप्ता सहित महिला मोर्चा की पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रही और बधाई दी।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त/बृजनंदन

   

सम्बंधित खबर