गाय ने किया महिला को घायल, पकड़ने पहुंची नगर निगम की टीम पर हमला

मेरठ, 20 मार्च (हि.स.)। सिविल लाइन थाना क्षेत्र की न्यू मोहनपुरी कॉलोनी में मंदिर जा रही महिला को एक गाय ने टक्कर मार दी। गाय की टक्कर से महिला के पैर की हड्डी टूट गई। पार्षद की सूचना पर गाय को पकड़ने पहुंची नगर निगम की टीम पर गाय मालिक ने हमला कर दिया। पुलिस ने दो महिलाओं समेत चार लोगों को हिरासत में ले लिया है।

न्यू मोहनपुरी निवासी महिला सरस्वती बुधवार दोपहर को मंदिर जा रही थी। तभी सड़क पर घूम रही गाय ने सरस्वती को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से महिला के पैर की हड्डी टूट गई। सूचना पाकर महिला के परिजन मौके पर पहुंचे और क्षेत्रीय पार्षद उत्तम सैनी को जानकारी दी। मौके पर पहुंचे पार्षद ने नगर निगम की टीम को गाय पकड़ने के लिए बुला लिया। जब नगर निगम की टीम गाय पकड़ने लगी तो गाय का मालिक रामवीर पुत्र रामकिशन निवासी आर्य नगर अपने नौकर कपिल और परिवार की महिलाओं के साथ पहुंचा। उन्होंने नगर निगम द्वारा गाय को पकड़ने का विरोध किया। टीम के नहीं मानने पर रामवीर ने पूरे परिवार के साथ नगर निगम की टीम पर हमला कर दिया। किसी तरह से पार्षद और उनके साथियों ने नगर निगम की टीम को बचाया और मामले की जानकारी थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची सिविल लाइन पुलिस ने रामवीर, कपिल और दो महिलाओं को हिरासत में ले लिया। नगर निगम के कर्मचारियों ने रामवीर सहित लगभग छह लोगों के खिलाफ मारपीट करने की तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार/ डॉ. कुलदीप/सियाराम

   

सम्बंधित खबर