सुल्तानपुर से प्रेम शुक्ला पर दांव लगा सकती है भाजपा

लखनऊ, 20 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जिन सीटों पर भारतीय जनता पार्टी ने अभी उम्मीदवार घोषित नहीं किये हैं वहां के वर्तमान सांसदों की धुकधुकी लगातार बढ़ती जा रही है। यह माना जा रहा है कि पहली सूची में जिन सीटों के उम्मीदवारों की घोषणा नहीं हुई वहां फेरबदल की प्रबल संभावना है। ऐसे में मौजूदा सांसद जहां अपना टिकट पक्का करने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रहे हैं। वहीं संभावित उम्मीदवार भी टिकट की चाह में लखनऊ से दिल्ली एक किये हुए हैं। यही हाल उत्तर प्रदेश की सुल्तानपुर लोकसभा सीट का है।

सुल्तानपुर से पूर्व केन्द्रीय मंत्री मेनका गांधी वर्तमान में सांसद हैं। मेनका इस बार केन्द्र में मंत्री भले ही नहीं बन पायीं लेकिन उन्होंने चुनाव जीतने के बाद सुल्तानपुर आना जाना बंद नहीं किया। वह पूरे पांच साल हर 15 दिन पर सुल्तानपुर के किसी न किसी गांव में जनता दरबार लगाया है। लेकिन पहली सूची में सुल्तानपुर का टिकट घोषित नहीं हुआ। ऐसे में कयास लगाया जा रहा है मेनका गांधी को भाजपा पीलीभीत से चुनाव लड़ाने की फिराक में है।

भाजपा पीलीभीत से सांसद वरूण गांधी का टिकट काट सकती है। ऐसे में सुल्तानपुर से चुनाव लड़ने के लिए भाजपा के कई नेता लगे हैं। सुल्तानपुर से भाजपा के संभावित दावेदारों में सपा के पूर्व मंत्री मनोज पाण्डेय, भाजपा नेता चन्द्रभूषण पाण्डेय व भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ला के नाम लिये जा रहे हैं। ऐसे में यदि सुल्तानपुर से मेनका गांधी का टिकट कटता है तो भाजपा सुल्तानपुर से प्रेम शुक्ला के नाम पर दांव लगा सकती है। क्योंकि प्रेम शुक्ला प्रखर वक्ता के साथ-साथ भाजपा के चर्चित चेहरों में से भी हैं।

स्थानीय पत्रकार संतोष कुमार यादव का कहना है कि वर्तमान में देखा जाय तो भाजपा से मेनका गांधी से अच्छा उम्मीदवार कोई अन्य नहीं हो सकता। क्योंकि मेनका गांधी ने इन पांच वर्षों में सुल्तानपुर में जनहित के अनेक काम किया है।

हिन्दुस्थान समाचार/बृजनन्दन/मोहित

   

सम्बंधित खबर