कमलनाथ ने भाजपा पर साधा निशाना, कहा- कांग्रेस को कमजोर करने का प्रयास कर रही सरकार

भोपाल, 21 मार्च (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस विधायक कमलनाथ ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स के माध्यम से पोस्ट कर सरकार पर गंभीर आरोप लगाये हैं। उन्होंने गुरुवार को अपने पोस्ट में लिखा यह दिन पर दिन स्पष्ट होता जा रहा है कि कांग्रेस पार्टी को कमज़ोर करने के लिए भारतीय जनता पार्टी की सरकार बहुत निचले स्तर पर उतर आयी है। आज हमारी नेता सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी ने मीडिया के सामने यह बताया कि किस तरह 30 साल पुराने मामले तक के इनकम टैक्स के नोटिस भेजे जा रहे हैं। पार्टी के बैंक खातों को जब्त कर दिया गया है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाते हुए आगे कहा कि लोकतंत्र की हत्या करने के लिए पहले कांग्रेस की चुनी हुई सरकार गिरायी गई, उसके बाद नेताओं की ख़रीद फ़रोख़्त की गई, जो नेता नहीं झुके उनके ऊपर जाँच एजेंसियों का अंकुश लगाया गया और अब ठीक चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी को आर्थिक रूप से पूरी तरह चौपट करने के लिए आयकर विभाग का उपयोग किया जा रहा है।

कमलनाथ ने अंत में अपील करते हुए कहा कि यह कांग्रेस कार्यकर्ताओं और देश की जनता के लिए परीक्षा की घड़ी है। हम सबको मिलकर इस तानाशाही सरकार का न सिर्फ़ मुक़ाबला करना है बल्कि लोकसभा चुनाव में इसे पराजित कर देश में लोकतंत्र की स्थापना करनी है। निश्चित तौर पर हम इस परीक्षा में न सिर्फ़ सफल होंगे, बल्कि देश के हालात को बदलने में क़ामयाब होंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा/मुकेश

   

सम्बंधित खबर