उड़त गुलाल लाल भए बदरा, आज बिरज में होली रे रसिया..

जोधपुर, 21 मार्च (हि.स.)। शहर में इन दिनों मंदिरो में फागोत्सव की धूम मची हुई है। हर मंदिर में महिलाएं फूलों की होली खेलकर और होरियां गाकर माहौल को फागुणिया बना रही है।

हेमु कॉलोनी सर्कल स्थित मंशापूर्ण बालाजी मंदिर में आयोजित फागोत्सव में भजन गायिका मीरा झाला द्वारा भजन व फाग गीतों की प्रस्तुति दी गई। इस दौरान क्षेत्र की महिलाओं ने जमकर फूलों की होली खेली। मंदिर के पंडित रमेश शर्मा ने बताया कि इस अवसर पर मंजु शर्मा, रतन शर्मा, गंगा देवी आदि उपस्थित रही।

वहीं महामंदिर जाटाबास स्थित सैनिक क्षत्रिय माली सभा भवन मंदिर परिसर में फागोत्सव मनाया गया। आयोजनकर्ता मधु किशन सिंह गहलोत ने बताया कि फागोत्सव में भक्तों ने पुष्प, गुलाल संग होली खेली। इसके बाद महिलाओं ने भजन-कीर्तन के साथ नृत्य भी किया। इस दौरान राधा-कृष्ण की सजीव झांकी सजाई गई। जानकी देवड़ा कृष्ण तो शांति टाक को राधा स्वरूप सजाया गया। भजनों की सरोबार में सीमा टाक, मनु महाराज ने लड्डू गोपाल को झूले में बैठाया। ढोलक की थाप पर दही ले लो श्याम, आ गई ग्वालनिया..जैसे भजनों के साथ उड़त गुलाल लाल भए बदरा, आज बिरज में होली रे रसिया.., रंग मत डालो रे सांवरिया म्हाने ओलू आवे.. कैसे खेलूं रे सांवरिया के संग होली, होरिया में उड़े री गुलाल जोड़ी रो जवाब नहीं के संगीतमय फाल्गुनी भजन गाए।

इसी तरह चौपासनी हाउसिंग बोर्ड 14 सेक्टर स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक संस्कृत विद्यालय में सखी सहेली क्लब के तत्वावधान में फागोत्सव आयोजित किया गया। क्लब की अध्यक्ष उषा गर्ग, सचिव दीप्ति जालानी, डायरेक्टर मधु भंडारी, चंदा तंवर ने सामाजिक सरोकार निभाते हुए होली अवकाश से पहले स्कूली विद्यार्थियों के साथ होली पर्व धूमधाम से मनाया। क्लब की ओर से विद्यालय के सभी बच्चों को रंग, गुलाल, पिचकारी, कपड़े, खिलौने, स्टेशनरी, फल, जूस, बिस्किट वितरित किए गए। विद्यालय विकास समिति के सदस्य हंसराज सारस्वत और समाजसेवी किरण माथुर ने विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवद्र्धन किया। संस्था प्रधान डॉ. धर्मनारायण माथुर ने आभार व्यक्त किया। वहीं महावीरपुरम स्थित बच्चा पार्क में महिलाओं के लिए फागोत्सव का आयोजन किया गया। निधि व काजल माथुर ने बताया कि करीब 150 महिलाओं ने होरिया गायन किया और फूलों से होली खेली।

कल यहां मनाया जाएगा फागोत्सव

श्री माताराणी भटियाणी सा सेवा संस्थान एवं श्री माजीसा भक्त मण्डल आगोलाई की ओर से आगोलाई स्थित श्री माताराणी भटियाणी सा मंदिर में शुक्रवार को सुबह 11 बजे गादीपति सवाईचन्द शर्मा के सानिध्य में होली के रंग मां माजीसा के संग फागोत्सव का आयोजन होगा। इसमें गायक पंकज जांगिड़ एंड पार्टी द्वारा भजन व होरियों की प्रस्तुति दी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार/सतीश/संदीप

   

सम्बंधित खबर