भाजपा प्रदेश चुनाव प्रभारी डॉ विनय सहस्त्रबुद्धे ने ली कोर कमेटी की बैठक

जयपुर, 22 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश चुनाव प्रभारी डॉ. विनय सहस्त्रबुद्धे शुक्रवार सुबह जयपुर पहुंचे और कोर कमेटी की बैठक में शामिल हुए। भाजपा मुख्यालय में आयोजित कोर कमेटी की बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी मौजूद रहे। लोकसभा चुनावों के लिए नियुक्त प्रदेश चुनाव प्रभारी डॉ. सहस्त्रबुद्धे ने बैठक में आगामी लोकसभा चुनावों को लेकर चर्चा की।

इस दौरान चुनाव सह प्रभारी विजया रहाटकर और प्रवेश वर्मा के अलावा उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, प्रेमचंद बैरवा, प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनियां और पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र सिंह राठौड मौजूद रहे।

इससे पहले डॉ विनय सहस्त्रबुद्धे का एयरपोर्ट पर पार्टी उपाध्यक्ष अजयपाल सिंह, जिलाध्यक्ष राघव शर्मा, मेयर सौम्या गुर्जर सहित अन्य पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। डॉ सहस्त्रबुद्धे लोकसभा चुनावों को लेकर बनाई गई चुनाव प्रबंधन कमेटी, लोकसभा प्रभारियों के साथ भी चर्चा करेंगे। उल्लेखनीय है कि भाजपा ने राजस्थान में अब तक लोकसभा चुनावों को लेकर 15 प्रत्याशियों की घोषणा की हैं। शेष दस सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा होना बाकी है। गुरुवार को लोकसभा चुनावों के मद्देनजर भाजपा ने राष्ट्रीय कार्यसमिति के सदस्य डॉ विनय सहस्त्रबुद्धे को प्रदेश का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया था। इनके साथ विजया रहाटकर और पूर्व सांसद प्रवेश वर्मा को राजस्थान में सह-प्रभारी नियुक्त किया था।

हिन्दुस्थान समाचार/ संदीप/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर