केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ जयपुर में प्रदर्शन कर रहे आप कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज

जयपुर, 22 मार्च (हि.स.)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी से नाराज आम आदमी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता देशभर में प्रदर्शन कर रहे हैं। जयपुर में भी पार्टी के कार्यकर्ता शुक्रवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय का घेराव करने पहुंचे। जिन पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं को चोट भी लगी। पुलिस ने आधा दर्जन से ज्यादा लोगों को मौके से हिरासत में ले लिया है।

आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नवीन पालीवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार लोकतंत्र को खत्म करने में लगी हुई है। लोकसभा चुनाव से पहले वह जनता की आवाज को दबाने की कोशिश में जुटी है। यही कारण है कि उन्होंने देश के सबसे ईमानदार मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जेल में डाल दिया है। जिसे आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ ही देश की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने बताया कि आज हम इसके विरोध में गांधीवादी तरीके से भारतीय जनता पार्टी मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन करने पहुंचे थे। लेकिन राजस्थान में बीजेपी की सरकार के दबाव में पुलिस ने हम पर लाठीचार्ज कर तानाशाही की है। इसे अब राजस्थान और देश की जनता समझ चुकी है। हम ना दबेंगे ना झुकेंगे। बल्कि, बीजेपी को सबक सिखा के दम लेंगे।

दोपहर 12 बजे ज्योति नगर स्थित कार्यालय से आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता भाजपा मुख्यालय का घेराव करने पहुंचे थे। इस दौरान पुलिस ने बैरिकेडिंग कर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को भाजपा मुख्यालय जाने से रोकने की कोशिश की। लेकिन जब कार्यकर्ता नहीं रुके। तो पुलिस ने उन्हें हल्का बल प्रयोग कर दोपहर एक बजे हिरासत में ले लिया।

हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर