ग्वालियर: शहर का अधिकतम पारा 35 डिग्री के पास, अभी और बढ़ेगा

ग्वालियर, 22 मार्च (हि.स.)। मौसम में अब बदलाव साफ नजर आने लगा है। पिछले दो दिन में अधिकतम व न्यूनतम तापमान में क्रमश: 3.7 व 3.0 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के नजदीक पहुंच गया जो वर्तमान मौसम में अब तक का सर्वाधिक तापमान है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में कोई मजबूत मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है। जिससे मौसम शुष्क होने से धूप तेज होने लगी है। हवा में नमी भी कम हो रही है। जिससे तापमान बढऩे लगा है। हालांकि 23 मार्च शनिवार की रात एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है जो पश्चिमी हिमालय के मौसम को प्रभावित करेगा लेकिन ग्वालियर-चंबल अंचल में इसका ज्यादा असर नहीं होगा। इसके चलते अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। हालांकि अभी होली तक देर रात में हल्की ठंड बनी रह सकती है। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य है। न्यूनतम तापमान भी 2.9 डिग्री सेल्सियस वृद्धि के साथ 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 0.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है।

हिन्दुस्थान समाचार/शरद/नेहा

   

सम्बंधित खबर